इंदौर समेत 5 जिलों में फर्जी बैंक का खुलासा
अनूपपुर
मध्यप्रदेश के इंदौर समेत 5 जिलों में फर्जी बैंकिंग कंपनी का खुलासा हुआ है। दो युवकों ने IDCS INDIA नाम की कंपनी बनाई। निवेशकों को आईडीसीएस बैंक ऑफ मॉरीशस के फर्जी दस्तावेज दिखाकर लाखों की एफडी कराई। आरोपियों ने 6 फीसदी मासिक ब्याज का लालच देकर 81 लोगों से डेढ़ करोड़ रुपए ठग लिए। इन पैसों से लग्जरी कार और बाइक खरीदी।
अनूपपुर पुलिस ने कंपनी के सीईओ योगेश श्रीवास (22) और ब्रांच मैनेजर दीपक उपाध्याय (28) को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया था। रविवार दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। आरोपी अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट और इंदौर में फर्जी बैंकिंग कार्यालय चला रहे थे।
आरोपी युवक योगेश ने 13 अक्टूबर 2023 को फाइनेंशियल कंसल्टेंसी के नाम पर कंपनी का जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराया था। ये निवेशकों को फिक्स्ड डिपॉजिट पर 6 प्रतिशत मासिक ब्याज का लालच दे रहे थे। एक निवेशक अभिजीत सिंह ने 3 दिसंबर को एक लाख रुपए जमा कराए थे। कुछ महीने के बाद उन्हें न तो ब्याज दिया और न ही मूल राशि लौटाई। जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के सभी बैंक खाते सीज कर दिए हैं। अनूपपुर में डॉक्टर रत्ना परस्ते, आकांक्षा पांडेय और अजय गुप्ता समेत कई लोगों से लाखों रुपए की एफडी कराई गई। आरोपियों ने कई युवाओं को नौकरी का झांसा देकर भी ठगी की।