राज्य

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने योजनाओं की कसौटी पर परखी प्रगति, साफ-सफाई और शिक्षा गुणवत्ता पर सख्त निर्देश

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
मुंगेली। जिले में प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी तथा विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, निर्माण कार्यों और गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप ठोस प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाएं कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सीधा लाभ आम जनता तक दिखना चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करना और गुणवत्ता मानकों का पालन करना विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मिशन 90 प्लस के तहत शिक्षा सुधार पर फोकस कलेक्टर ने मिशन 90 प्लस के अंतर्गत शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी नोडल स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण, शिक्षण स्तर और विद्यार्थियों के परिणामों में निरंतर सुधार होना चाहिए। इसके लिए शिक्षकों को प्रेरित करने और छात्रों का मनोबल बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। जनगणना 2027 की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा बैठक में आगामी जनगणना 2027 को लेकर प्रारंभिक तैयारियों पर भी चर्चा की गई। जिला सांख्यिकी अधिकारी से जनगणना की प्रक्रिया, चरणबद्ध कार्ययोजना और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो। शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सख्त निर्देश
शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने संयुक्त टीम बनाकर नियमित रूप से शहर का भ्रमण करने, स्वच्छता की स्थिति का निरीक्षण करने और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने साफ शब्दों में कहा कि स्वच्छता में लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। समन्वय से ही मिलेगा विकास को बल कलेक्टर ने बैठक में मौजूद सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। समय-सीमा बैठक के माध्यम से जिले की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने तथा विकास कार्यों को गति देने का स्पष्ट संदेश दिया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, तीनों अनुविभागों के एसडीएम सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image