राज्य

सोहेल को बताया मौत का जिम्मेदार, बांग्लादेश हिंसा को लेकर किया था प्रदर्शन, ASI लाइन अटैच

बिलासपुर

छत्तीसगढ़ के मुंगेली में हिंदू संगठन से जुड़े एक युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। हिंदू संगठनों का आरोप है कि युवक ने पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की है। मरने से पहले युवक ने वीडियो बनाया और सोहेल खान नाम के युवक को मौत का जिम्मेदार बताया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक बांग्लादेश हिंसा के विरोध में प्रदर्शन करने के बाद सोहेल ने युवक के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद भी सोहेल के खिलाफ कार्रवाई नहीं जा रही है। इसके अलावा युवक पर बयान बदलने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

मरने से पहले युवक ने वीडियो बनाते हुए कहा कि मैं मरने जा रहा हूं। जिसका कारण सोहेल खान है। युवक ने कहा कि पुलिसवालों ने झूठा बयान लिया है। राम सिंह भैय्या और छत्रपाल भाई मुझे इंसाफ दिला देना। घटना के बाद बिलासपुर में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने सिटी कोतवाली थाना का घेराव कर विरोध जताया।

तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। शहर के आसपास के थानों के टीआई भी मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी युवक को फौरन गिरफ्तार किया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होती है तो आगे जो भी होगा, उसका जिम्मेदार शासन-प्रशासन होगा।

SSP रजनेश सिंह ने इस मामले पर कहा कि शुक्रवार देर शाम आरोपी सोहेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रार्थी से घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद उसके बताए अनुसार रिपोर्ट लिखी गई थी। CCTV साक्ष्य जुटाए गए हैं। लेकिन इसी बीच प्रार्थी ने मुंगेली में अपने निवास में आत्महत्या की है। इसकी जांच मुंगेली पुलिस कर रही है। प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदू संगठन के कार्यकर्ता के सुसाइड केस में एसएसपी रजनेश सिंह ने एसआई गणेश राम महिलांगे को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं मामले की जांच का जिम्मा आईपीएस गगन कुमार को सौंपा गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image