इंस्टाग्राम के प्रेमजाल में फंसी पत्नी ने रच डाली साजिश,अवैध संबंध के लिए पति की हत्या प्रेमी से करवाया कत्ल,पुलिस ने चेन्नई से किया गिरफ्तार पलारी पुलिस की बड़ी कार्यवाही:
गोविंद राम ब्यूरो रिपोर्ट
बलौदाबाजार:-
थाना पलारी क्षेत्र के ग्राम वटगन में घटित फल विक्रेता अमृत गिरी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने कर दिया है। यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं, जहां एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या की साजिश अपने इंस्टाग्राम प्रेमी के साथ मिलकर रच डाली। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में थाना पलारी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मृतक की पत्नी चंद्रिका गिरी और उसका प्रेमी टुन्ना कुमार शर्मा शामिल हैं।
घटना दिनांक 25 अक्टूबर 2025 की सुबह सामने आई थी, जब ग्राम वटगन में रहने वाले फल विक्रेता अमृत गिरी (45 वर्ष) की घर के भीतर खून से लथपथ लाश मिली थी। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार के निशान थे। सूचना मिलते ही थाना पलारी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की जांच के साथ पंचनामा कार्रवाई शुरू की। फॉरेसिंक टीम द्वारा भी घटनास्थल और शव का बारीकी से निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि घटना 24 अक्टूबर की रात 10 बजे से लेकर 25 अक्टूबर की सुबह 9 बजे के बीच की है। उस समय मृतक घर में अकेला था, जबकि उसकी पत्नी चंद्रिका गिरी और बच्चे ग्राम लटेरा में नाचा कार्यक्रम देखने गए हुए थे।
घर लौटने पर परिवार के सदस्यों ने देखा कि अमृत गिरी सोफा पर मृत अवस्था में पड़ा है। किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई थी। इस पर मृतक के परिजन समीर गिरी की रिपोर्ट पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 435/2025 धारा 103(1), 61(2), 238(क), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस के सामने कई संदेहास्पद पहलू सामने आए। मृतक की पत्नी चंद्रिका गिरी से पूछताछ में उसके जवाब गोलमोल और असंगत पाए गए। शक गहराने पर पुलिस ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से मृतक के परिजनों, पड़ोसियों और परिचितों से विस्तृत पूछताछ की। मनोवैज्ञानिक पूछताछ में आखिरकार चंद्रिका गिरी टूट गई और उसने स्वीकार किया कि उसने अपने इंस्टाग्राम प्रेमी टुन्ना कुमार शर्मा के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, चंद्रिका गिरी और टुन्ना कुमार शर्मा की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। टुन्ना कुमार चेन्नई में काम करता था और बिहार राज्य के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला है। पति अमृत गिरी को जब अपनी पत्नी के इस अवैध संबंध की जानकारी हुई, तो वह अक्सर शराब के नशे में चंद्रिका को डांट-फटकार लगाता था। इस बात से क्षुब्ध होकर और प्रेमी से मिलने की चाह में चंद्रिका ने अपने पति को रास्ते से हटाने का निर्णय ले लिया।
चंद्रिका ने सुनियोजित तरीके से 24 अक्टूबर की रात नाचा कार्यक्रम देखने जाने का बहाना बनाया और अपने परिवार के साथ घर से निकल गई, जिससे घर में उसका पति अकेला रह गया। इसी बीच मौका पाकर आरोपी टुन्ना कुमार शर्मा वटगन पहुंचा और धारदार लोहे की कुल्हाड़ी से अमृत गिरी के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद टुन्ना चेन्नई भाग गया था।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार खोजबीन के बाद आरोपी टुन्ना कुमार शर्मा को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और अन्य साक्ष्य भी जप्त कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में टुन्ना कुमार शर्मा उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम बकटपुर थाना मानापुर कौटी, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) तथा चंद्रिका गिरी उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम वटगन वार्ड क्रमांक 16, थाना पलारी शामिल हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
थाना पलारी एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई से इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश होने पर क्षेत्र के लोगों ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की है। प्रेम प्रसंग से जुड़ी इस हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
इस घटना के बाद पुलिस ने सभी लोगों को सतर्क करते हुए यह संदेश दिया है कि लोग अपने घरों में सुरक्षित रहे और इस प्रकार का कृत्य ना करें इससे सिर्फ और सिर्फ नुकसान होता है अपराधी चाहे कितने भी कोशिश कर ले कानून के नजरों से नहीं बच सकते है.