देवगांव पंचायत सचिव की निष्क्रियता से जनप्रतिनिधि नाराज़, सरपंच व पंचगण ने कार्यालय से बनाई दूरी
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली (बिहान छत्तीसगढ़ )
ग्राम पंचायत देवगांव (जनपद पंचायत मुंगेली) में पंचायत सचिव परमेश्वर चंद्राकर की कार्यशैली से नाराज़ होकर जनप्रतिनिधियों ने पंचायत कार्यालय से दूरी बना ली है। सरपंच योगेश पटेल, उपसरपंच लक्ष्मीन पटेल और सभी पंचगणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सचिव की निष्क्रियता को मुख्य कारण बताया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि पंचायत सचिव के निष्क्रिय रवैये और कार्य में लापरवाही के कारण ग्राम पंचायत पिछले चार माह से लगभग ठप पड़ी हुई है। कई कार्य पूर्ण होने के बावजूद उनके भुगतान की फाइलें सचिव द्वारा मंजूरी के अभाव में रुकी हुई हैं। सरपंच और पंचगणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीण विकास कार्य ठप हैं और आमजन परेशान हैं।
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत देवगांव में तत्काल एक योग्य, सक्रिय और अनुभवी सचिव की नियुक्ति की जाए, ताकि पंचायत की विकास प्रक्रिया पुनः शुरू हो सके।
सरपंच योगेश पटेल ने कहा कि जब तक प्रशासन नया सचिव नियुक्त नहीं करता, तब तक गांव की सभी समस्याएँ और विकास कार्यों की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
इस ज्ञापन पर सरपंच योगेश पटेल, उपसरपंच लक्ष्मीन पटेल सहित पंचगण भूपेन्द्र पटेल, अमर पटेल, लता पटेल, पूर्णिमा पटेल, मनीषा पटेल और सुकृता पटेल के हस्ताक्षर हैं।
प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुंगेली, जनपद पंचायत मुंगेली और पुलिस अधीक्षक मुंगेली को भी प्रेषित की गई है।