संसाधन विहीन विद्यालयों में ऑनलाइन कार्य असंभव : छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ शिक्षक संघ जिला जांजगीर-चांपा इकाई ने जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन।
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ जिला शाखा जांजगीर-चांपा ने शिक्षकों पर डाले जा रहे ऑनलाइन कार्य के दबाव का कड़ा विरोध किया है। संघ का कहना है कि अधिकांश शासकीय विद्यालयों में इंटरनेट, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रोजेक्टर जैसे संसाधनों का अभाव है। ऐसी स्थिति में शिक्षकों से ऑनलाइन कार्य कराना सरासर अनुचित है।
छग शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष धन्य कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने 29 सितंबर 2025 को जिला शिक्षा अधिकारी से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। इसमें स्पष्ट कहा गया कि वर्तमान में चल रहे समस्त शासकीय ऑनलाइन कार्य शिक्षकों से उनके निजी मोबाइल फोन के माध्यम से कराए जा रहे हैं, जो न तो व्यावहारिक है और न ही न्यायसंगत।
संघ ने मांग की है कि एक माह के भीतर सभी विद्यालयों में ऑनलाइन कार्य हेतु आवश्यक संसाधन टैबलेट, कंप्यूटर, मोबाइल, इंटरनेट सुविधा और प्रोजेक्टर उपलब्ध कराए जाएँ। जब तक यह सुविधाएँ मुहैया नहीं कराई जातीं, तब तक शिक्षकों से किसी भी प्रकार का ऑनलाइन कार्य नहीं लिया जाना चाहिए।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वीएसके (विद्या समीक्षा केन्द्र) एवं अन्य कार्यालयों से निरंतर ऑनलाइन कार्य की अपेक्षा की जा रही है, जबकि संसाधनों की कमी के कारण शिक्षकों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यदि शीघ्र ही संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए तो शिक्षकों को विवश होकर कार्य बहिष्कार करना पड़ सकता है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष धन्य कुमार पाण्डेय, पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमती जयंती दुबे, श्रीमती निशा पटेल, प्रांतीय मंत्री भुवनेश्वर देवांगन, जिला सचिव विजय थवाईत, सुकदेव सिदार, नारायण प्रसाद सूर्यवंशी, डॉ. रविन्द्र द्विवेदी, गुरु प्रसाद, लखन लाल कश्यप, रामकिशोर देवांगन, छवि कुमार पटेल, लक्ष्मीनारायण तिवारी, प्रदीप श्रीवास, जय तिवारी, मनबोध पटेल, मथुरा मधुकर सहित अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक संघ के साथीगण उपस्थित थे।
उक्ताशय की जानकारी प्रांतीय मीडिया प्रभारी डॉ. रविन्द्र द्विवेदी ने दी है।