राजनीति

बेरोजगारी भत्ते को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाएगी AAP

रायपुर

आम आदमी पार्टी ने अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण और बेरोजगार युवाओं को भत्ता देने के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को सरकार अब तक पूरा नहीं कर पाई है। साथ ही 1 अगस्त से बेरोजगारी भत्ते की मांग को लेकर प्रदेशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाने का ऐलान किया है।

आज प्रेस कांफ्रेस के दौरान आप नेताओं ने कहा कि प्रदेश में 7.30 लाख से अधिक अनियमित कर्मचारी वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन नियमितीकरण का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ। उनका आरोप है कि कम मानदेय वाले कर्मचारियों को 4 हजार रुपए मासिक विशेष भत्ता भी नहीं दिया जा रहा है।

आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि प्रदेश के रोजगार कार्यालयों में 14.62 लाख से अधिक बेरोजगार पंजीकृत हैं और हर साल करीब 2 लाख नए बेरोजगार जुड़ रहे हैं। पार्टी के अनुसार बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत अंतिम किस्त अगस्त 2023 में जारी हुई थी, जिसके बाद योजना बंद हो गई।

आप नेताओं ने आरोप लगाया कि न रोजगार मिल रहा है और न ही बेरोजगारी भत्ता, जिससे युवाओं के साथ वादाखिलाफी हो रही है।

पार्टी ने घोषणा की कि 1 अगस्त से पूरे प्रदेश में बेरोजगारी भत्ते की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न कर्मचारी संगठनों के साथ मिलकर अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image