राजनीति

बीजेपी बोली-भ्रष्टाचार के आरोपी को बचाने धरना दे रही कांग्रेस

बीजेपी बोली-भ्रष्टाचार के आरोपी को बचाने धरना दे रही कांग्रेस

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि कांग्रेस एक भ्रष्टाचार के आरोपी को बचाने के लिए धरना-प्रदर्शन और आंदोलन कर रही है।

उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में पूरे साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है और जांच आगे बढ़ रही है।शुक्रवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में मिश्रा ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ के दौरान इस मामले से जुड़े कई तथ्य सामने आ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में अंतिम फैसला न्यायालय करेगा।

मिश्रा ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लेवी, राइस मिलिंग और शराब कारोबार से जुड़े पैसों के लेन-देन के रिकॉर्ड जांच एजेंसियों के सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ी है। उनके अनुसार पुलिस लंबे समय से रामगोपाल अग्रवाल की तलाश कर रही थी। करीब तीन साल बाद उनकी गिरफ्तारी हुई और अब उनसे पूछताछ की जा रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी से पहले तक कांग्रेस रामगोपाल अग्रवाल को अपना कोषाध्यक्ष बता रही थी, लेकिन गिरफ्तारी के बाद पार्टी के कुछ नेता कह रहे हैं कि उनका पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस उनके समर्थन में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन कर रही है। मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि इस मामले में उसका क्या रुख है।

Leave Your Comment

Click to reload image