राजनीति

कर्नल सोफिया पर MP के मंत्री की अनर्गल टिप्पणी

मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की सेना अधिकारी कर्नल सोफिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर छत्तीसगढ़ में भी सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस ने इसका विरोध करते हुए न केवल विजय शाह का पुतला फूंका, बल्कि मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने थाने तक पहुंच गई।

कांग्रेस नेताओं ने इसे महिलाओं और सेना के अपमान से जोड़ते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मंत्री को बर्खास्त करने की मांग करते हुए नारेबाजी भी की गई।

रायपुर के गांधी मैदान में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय के सामने कांग्रेसियों ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर मंत्री विजय शाह के अमर्यादित बयान के विरोध में एमपी के मंत्री विजय शाह का पुतला फूंका। पुतला दहन के समय पुलिस ने आग बुझाने की कोशिश भी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई।

कांग्रेस ने विजय शाह के बयान को भारतीय सेना और सैनिकों का अपमान बताते हुए मंत्री पद से बर्खास्त करने और विधानसभा से निष्कासन की मांग की है।

मोहम्मद सिद्दीक ने कहा कि, देश की सेना पर हर भारतीय को गर्व है, लेकिन संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा ऐसी अशोभनीय टिप्पणी न सिर्फ हमारे जवानों के मनोबल को ठेस पहुंचाती है, बल्कि देश की गरिमा को भी धूमिल करती है, इसलिए विजय शाह को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे और एफआईआर की मांग की। उपाध्याय ने बताया कि विजय शाह का यह बयान न सिर्फ महिला अपमान है, बल्कि देशभक्ति की विरासत को भी चोट पहुंचाने वाला है, क्योंकि कर्नल सोफिया का परिवार पीढ़ियों से भारतीय सेना में सेवा दे रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image