राजनीति

ओडिशा-बिहार में प्रचार की कमान संभालेंगे छत्तीसगढ़ के मंत्री-सांसद:

रायपुर

छत्तीसगढ़ से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित 40 भाजपा नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है।

प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक से लेकर संगठन पदाधिकारियों तक करीब 300 नेताओं को चुनावी जिम्मेदारी सौंपी गई है। ओडिशा और बिहार दोनों राज्यों में छत्तीसगढ़ के BJP नेता चुनावी प्रचार करेंगे।

प्रदेश संगठन महामंत्री अजय जामवाल को बिहार की 50 से ज्यादा विधानसभा सीटों का प्रभारी बनाया गया है। वे पिछले कई दिनों से वहीं डटे हुए हैं और चुनावी रणनीति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।

आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव की बिहार में सभाएं प्रस्तावित हैं। डिप्टी सीएम साव 3 नवंबर को बिहार जाएंगे, जबकि 6 नवंबर को वे ओडिशा के नुवापाड़ा उपचुनाव के लिए सभा करेंगे।

प्रदेश के मंत्री लखनलाल देवांगन को बिहार की दो विधानसभाओं की जिम्मेदारी मिली है। वे दीपावली से पहले ही वहां पहुंच गए थे। त्योहार मनाने के लिए अल्प अवधि के लिए रायपुर लौटे और अब फिर से अपनी ड्यूटी पर लौट गए हैं।

सांसद संतोष पांडेय, बृजमोहन अग्रवाल, नान के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अन्य नेता भी दीपावली पर लौटने के बाद फिर से बिहार रवाना हो चुके हैं। भाजपा संगठन का कहना है कि छत्तीसगढ़ से भेजे गए नेता बिहार और ओडिशा दोनों जगहों पर पार्टी की चुनावी ताकत को और मजबूत करेंगे।

भाजपा महिला मोर्चा की करीब 100 पदाधिकारी भी बिहार के अलग-अलग जिलों में महिलाओं के बीच संपर्क अभियान चलाएंगी। इसी तरह भाजयुमो (भाजपा युवा मोर्चा) के कई कार्यकर्ता भी चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। सभी अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार अभियान चला रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image