डेढ़ महीने में दूसरी बार खराब हुआ CM का हेलिकॉप्टर:सड़क रास्ते से सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए रवाना;
रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हेलिकॉप्टर डेढ़ महीने में दूसरी बार खराब हुआ है। CM आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दौरे पर रवाना होने ही वाले थे कि इससे पहले उनके हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। जिससे वे उड़ान नहीं भर सके।
पुलिस लाइन हेलीपेड में 45 मिनट तक हेलिकॉप्टर का मेंटनेंस चला। इस दौरान CM वेटिंग रूम में इंतजार करते रहे। हालांकि इतने समय बाद भी जब हेलीकाप्टर की कमी ठीक नहीं हुई तो वे सड़क के रास्ते सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए रवाना हुए।
इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव भी मौजूद थे। बता दें कि डेढ़ महीने पहले 21 जून को जशपुर दौरे के दौरान भी हेलीकाप्टर में तकनीकी दिक्कत आई थी।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सोमवार (11 अगस्त) को सीएम साय सुबह 11:25 बजे मुख्यमंत्री निवास से पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुंचने वाले थे। 12:15 बजे सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय पहुंचना शेड्यूल में था। लेकिन दौरा शुरू होने से पहले ही प्रभावित हो गया।
12:15 बजे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय पहुंचना था। लेकिन हेलिकॉप्टर की तकनीकी दिक्कत के चलते सीएम साय का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया। हेलीकाप्टर खराबी के सवालों पर सीएम सिक्योरिटी और जिम्मेदार अधिकारियों का फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है।
स्टेट प्लेन खराब होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी 16 अक्टूबर 2024 को सीएम के बस्तर प्रवास के दौरान हेलीकाप्टर खराब हो चुका है। बस्तर दौरे में प्रशासन ने झारखंड से हेलीकाप्टर बुलाकर सीएम का दौरा शुरू करवाया था। इसी तरह से 21 जून को जशपुर दौरे के दौरान भी हेलीकाप्टर में तकनीकी दिक्कत आई थी।