जिला

शिक्षक साझा मंच के ज्ञापन पर मुख्यमंत्री का संज्ञान एवं स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय से तत्काल आदेश प्रसारित-- विभागीय टी.ई.टी.परीक्षा आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना का आदेश ज्ञापन सौंपने के मात्र 2 घंटे बाद जारी कर दिया गया

ब्यूरो चीफ -लाभो कुमार सूर्या 


//बिलाईगढ़//

माँ समलाई की पावन धरा बिलाईगढ़ में गत दिवस 21 अक्टूबर 2026 को  राजशाही दशहरा में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला शिक्षक साझा मंच के शिक्षक नेताओं ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन के पहले क्रमांक पर प्रदेश के सेवारत शिक्षकों के लिए टी.ई.टी.परीक्षा आयोजन के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र जारी करने की मांग रखी गई थी, जिस पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मंच से ही संज्ञान लिया, जिससे ज्ञापन सौपे जाने के मात्र 2 घंटे बाद ही स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय महानदी भवन एवं कर्मचारी चयन मंडल नवा रायपुर से इसके संबंध में आदेश जारी कर दिया गया, इसके लिए शिक्षक साझा मंच जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ माननीय मुख्यमंत्री जी को आभार व्यक्त करती है।

इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने प्रदेश के कर्मचारियों के हित में अनेक मांग मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखे, जिस पर भी शीघ्र निर्णय लेने की बात कही गई। ज्ञापन के अन्य मांगों में प्रवेश के कर्मचारियों को केन्द्र सरकार के कर्मचारियों की भांति लम्बित महंगाई भत्ता की किश्त देय तिथि से शीघ्र प्रदान करने एवं एरियर्स की राशि दीपावली त्यौहार के पहले दिए जाने, बजट 2026-27 में प्रदेश के कर्मचारियों के लिए प्रावधानित कैशलेश चिकित्सा की सुविधा शीघ्र प्रारम्भ किए जाने, माननीय उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ बिलासपुर के रिट याचिका क्रमांक WPS/7172/2025 कुमुदनी साहू विरुद्ध छत्तीसगढ़ शासन में जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू द्वारा पारित आदेश दिनाँक 20/02/2026 का पालन सुनिश्चित कराते हुए श्रीमती कुमुदनी साहू को शासकीय प्राथमिक शाला सुतीउरकुली में सहायक शिक्षक के पद पर विधि विरुद्ध कराए गए

कार्यभार ग्रहण को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दोषी तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी (वर्तमान में अन्य प्रकरण में निलंबित) श्री जोइधाराम डहरिया के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई कर विभागीय जांच संस्थित करने, पंचायत विभाग से स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन से आए शिक्षक संवर्ग को पंचायत विभाग में उनकी प्रथम नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता की गणना कर समस्त लाभ पुरानी पेंशन, ग्रेच्युटी, पदोन्नति, क्रमोन्नति, अवकाश नगदीकरण इत्यादि सुविधाएं प्रदान करने, मध्यप्रदेश के कर्मचारियों की भांति छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को भी अर्जित अवकाश नगदीकरण की सीमा 240 दिन से बढ़ाकर 300 दिन किए जाने की मांग रखी गई। शिक्षक साझा मंच का माननीय मुख्यमंत्री जी से मुलाकात प्रदेश के कर्मचारियों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा, मुलाकात करने वाले प्रतिनिधि मंडल में कामता प्रसाद साहू, नरेन्द्र कुमार साहू, यादराम हिरवानी, एन.के.चेलक, रामकुमार साहू, राजेन्द्र राय, मनीराम यादव, रेशमलाल देवांगन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक गण उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image