राज्य

कोंडागांव में सड़क हादसे में जवान सुंदरलाल नेताम का निधन

कोंडागांव

कोंडागांव में सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के जवान सुंदरलाल नेताम के असामयिक निधन से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के पदाधिकारी और सदस्य शनिवार को उनके गृहग्राम पल्ली शामपुर पहुंचे।

यहां पूर्व सैनिकों ने तिरंगे के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और सलामी देकर देश के प्रति उनके समर्पण एवं सैन्य सेवा को नमन किया।

सुंदरलाल नेताम वर्ष 2017 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उन्होंने सेना में सेवाएं देकर देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उनके असामयिक निधन की खबर से परिवार, ग्रामीणों और पूर्व सैनिक समाज में गहरा दुख है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दिवंगत जवान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने और हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिया। उपस्थित लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Leave Your Comment

Click to reload image