धरसीवां में सख्त वाहन चेकिंग: एमवी एक्ट व कोटपा के तहत ताबड़तोड़ चालान, नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा
धरसीवां। क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा धरसीवां सहित आसपास के इलाकों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मोटर व्हीकल एक्ट (एमवी एक्ट) के अंतर्गत सैकड़ों वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। विवाह सीजन के चलते सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ यातायात नियमों की अनदेखी भी सामने आई है।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाना, बिना वैध दस्तावेज के वाहन चलाना और नशे में ड्राइविंग जैसे मामलों में पुलिस ने सख्ती बरती। कई वाहन चालक बिना लाइसेंस, बीमा और रजिस्ट्रेशन के पाए गए, जिन पर तत्काल चालान किया गया।
अभियान के दौरान कई लोग चालान से बचने के लिए विभिन्न कारण बताते नजर आए-किसी ने शादी समारोह में जाने की मजबूरी जताई तो किसी ने दस्तावेज घर पर होने की बात कही, लेकिन पुलिस ने किसी भी तरह की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया और नियमों के तहत कार्रवाई जारी रखी।
20 अप्रैल को खबर लिखते तक धरसीवां थाना क्षेत्र में एमवी एक्ट के तहत 16 प्रकरण दर्ज किए गए, वहीं सिलटारा चौकी में कोटपा एक्ट के तहत 18 प्रकरण बनाए गए। कोटपा एक्ट के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है, 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तंबाकू बेचना अपराध है तथा शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक है।
पुलिस द्वारा यह अभियान आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली लोक अदालत को ध्यान में रखते हुए भी चलाया जा रहा है, ताकि समरी ट्रायल के माध्यम से मामलों का त्वरित निराकरण किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार यह अभियान कुल 15 दिनों तक चलेगा, जिसमें एक सप्ताह पूरा हो चुका है और आगामी दिनों में कार्रवाई और तेज की जाएगी।
पुलिस की इस सख्ती से जहां एक ओर यातायात नियमों के पालन में सुधार देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल भी उठाए हैं। नागरिकों का कहना है कि पुलिस को दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता पर भी समान रूप से ध्यान देना चाहिए, ताकि लोग स्वेच्छा से नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को स्थायी रूप से मजबूत किया जा सके।
वर्जन
यह अभियान आगामी 9 मई को होने वाली लोक अदालत को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है ताकि समरी ट्रायल के जरिए मामले की त्वरित निराकरण किया जा सके साथ ही साथ जनता को संबंधित विषयों पर जागरूक भी किया जा रहा है और समझाइश भी दी जा रही है ।
राजेंद्र दीवान
थाना प्रभारी धरसीवां