राजधानी
नकली सोना देकर महिलाओं ने ज्वेलर्स को ही ठगा
रायपुर/
छत्तीसगढ़ में शातिर महिलाओं का एक ठग गिरोह का खुलासा हुआ है। इन महिलाओं ने रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव में ज्वेलर्स को नकली सोना देकर बदले में असली सोना ले लिया। महिलाएं इतनी शातिर थी कि सौदे के दौरान इन्होंने रायपुर के बुजुर्ग ज्वेलर्स को दादाजी बोलकर इमोशनल भी किया। पुलिस ने यूपी के 3 महिलाओं समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, महिलाओं ने पहली वारदात 28 अप्रैल को बिलासपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान में की। हिम्मत लाल ज्वेलर्स गोल बाजार में नकली सोना देकर 42.3 ग्राम असली सोना कीमती 4 लाख 55 हजार और 13 हजार 572 रुपए कैश ले गए। इस वारदात के बाद शाम को महिलाएं रायपुर के उरला आ गईं।
उरला पुलिस ने बताया कि, उरला मेन रोड में शांतिलाल जैन नाम के बुजुर्ग ज्वेलरी दुकान चलाते हैं। शाम करीब 5:30 बजे उनके दुकान पर दो महिलाएं आई। अपने साथ सोने के नेकलेस चेन और पुरानी ज्वेलरी लेकर आई थी।
महिलाएं जो ज्वेलरी लेकर आई थी उसका वजन करीब 70 ग्राम था। उन्होंने शांतिलाल को कहा कि, इसे एक्सचेंज करवाकर वह नई ज्वेलरी लेना चाहती हैं। शंकरलाल और उसके स्टाफ ने उन्हें गोल्ड ज्वेलरी दिखाया।
महिलाओं ने सोने का एक हार, एक चेन, दो मंगलसूत्र, तीन जोड़ी इयर-रिंग पसंद किए। इसका कुल वजन करीब 47 ग्राम और कीमत करीब साढ़े 4 लाख रुपए थी। इसके अलावा उन्होंने ज्वेलर्स से वजन के अंतर का करीब 80 हजार रुपए कैश भी ले लिए। महिलाओं के जाने के बाद जब शांतिलाल ने ज्वेलरी की केमिकल से जांच की तो वह नकली निकली। इसमें केवल दो प्रतिशत ही सोना था। इसके बाद ज्वेलर्स को ठगी का एहसास हुआ। आसपास महिलाओं की तलाश की गई लेकिन वह कहीं नहीं मिली। मामला पुलिस थाने पहुंचा। आरोपी भागते हुए राजनांदगांव पहुंचे, जहां कारधा और सकोली पुलिस जिला भण्डारा (महाराष्ट्र) की मदद से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों में रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव में भी चोरी करना स्वीकार किया है। उनके बाकी गिरोह के सदस्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सामूहिक विवाह में भी हुए शामिल, 20 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
रायपुर. /
30 अप्रैल 2025. उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव राजनांदगांव के घुमका में विकास कार्यों के भूमिपूजन और मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने घुमका नगर पंचायत में एक करोड़ 49 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में घुमका में विभिन्न कार्यों के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। इनमें विद्युतीकरण के लिए नौ लाख 85 हजार रुपए, सड़क में बोर्ड लगाने के लिए नौ लाख 83 हजार रुपए तथा तीन द्वारों के लिए दस-दस लाख रुपए शामिल हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा घुमका में आयोजित सामूहिक विवाह में 20 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। श्री साव ने सभी जोड़ों को आशीष प्रदान करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं। सांसद श्री संतोष पाण्डेय और विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल भी दोनों कार्यक्रमों में शामिल हुईं।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत यहां 20 जोड़ों का विवाह हो रहा है, 40 परिवारों में खुशियां आ रही हैं। आज का दिन ऐतिहासिक है, सामूहिक विवाह के साथ ही एक करोड़ 49 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार हर व्यक्ति के विकास के लिए कार्य कर रही है। राज्य और केंद्र सरकार हर परिवार के आवास और इलाज की व्यवस्था के साथ ही सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के माध्यम से बेटे-बेटियों के विवाह की चिंता भी दूर कर रही है। छत्तीसगढ़ में विष्णु का सुशासन कल्याणकारी है।
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि आज बड़ी खुशी का दिन है, सामूहिक विवाह में 20 दम्पति परिणय सूत्र में बंधे हैं, उनके जीवन में कृपा और समृद्धि आए। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव घुमका नगर पंचायत की सोच के अनुरूप सुंदर शहर की परिकल्पना से समग्र विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने भी सभी नवदम्पत्तियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इससे गरीब एवं जरूरतमंदों को मदद मिल रही है। राज्य तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र साहू, राजनांदगांव जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव और समाज सेवी श्री कोमल सिंह राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अधिकारी-कर्मचारी भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।
क्रिश्चियन फोरम नेता के पोस्ट पर बवाल..रायपुर में अर्धनग्न प्रदर्शन:
रायपुर/
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई है। मृतकों के नामों को लेकर छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के नेता की एक पोस्ट पर बवाल मच गया। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि, 26 में से 15 दूसरे समुदाय के थे।
साथ ही लिस्ट में रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया का नाम भी नहीं था। इस पर मिरानिया के रिश्तेदारों ने आपत्ति जताई। फर्जी लिस्ट बताते हुए हिंदू संगठनों ने भी सोमवार रात इस मुद्दे पर जमकर प्रदर्शन किया। कुछ युवाओं ने शर्ट उतारकर नारेबाजी भी की।
इस मामले में दिनेश मिरानिया के रिश्तेदार अमर बंसल ने पुलिस को बताया कि, अरुण पन्नालाल नाम के एक व्यक्ति ने अपने फेसबुक अकाउंट पर आपत्तिजनक पोस्ट किया था। जिसमें उन्होंने पहलगाम हमले में शहीद हुए लोगों की एक लिस्ट जारी की। जो पूरी तरह फर्जी और झूठी है। इस लिस्ट में शहीदों के नाम को तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है। यह गंभीर विषय है।
इसकी शिकायत SSP समेत आजाद चौक थाना में दी गई। इसके बाद कुछ लोग अरुण पन्नालाल के घर पहुंच गए। घेराव करते हुए उन्होंने पुलिस से मांग की है कि, आरोपी के खिलाफ सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने और आईटी एक्ट के तहत FIR दर्ज किया जाए। थाने में पुलिस ने दोनों पक्षों से बात कर मामले को शांत करा दिया। इधर कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। वे देर रात तक पन्नालाल के खम्हारडीह थाना इलाके स्थित घर के बाहर जुटे रहे। जहां करीब 100 कार्यकर्ताओं ने जमकर नाराजगी जाहिर की। वो रात करीब 3 बजे तक अर्धनग्न होकर प्रदर्शन और नारेबाजी करते रहे। हालांकि पुलिस प्रशासन लगातार उन्हें समझाने की कोशिश करता रहा। उच्च अधिकारियों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ।
NSUI पहुंची पुिलस के पास:मुख्यमंत्री के सलाहकार पर कार्रवाई की मांग
रायपुर/
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर NSUI पुलिस के पास पहुंची। इन नेताओं ने मुख्यमंत्री के सलाहकार पर कार्रवाई की मांग भी की। NSUI ने पंकज कुमार झा द्वारा अपने आधिकारिक फ़ेसबुक अकाउंट पर आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी की है। जवाब में भाजपा ने कहा है कि कांग्रेस देश में रोज नफरत फैलाती है, इनकी इन हरकतों पर अब हंसी आती है।
NSUI नेताओं ने पुलिस से अपनी शिकायत में कहा- मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार पंकज झा द्वारा की गई टिप्पणी में स्पष्ट रूप से “नफ़रत के विरुद्ध नफ़रत फैलाने” का आह्वान किया गया है, जो कि न केवल सामाजिक सौहार्द्र के विपरीत है, बल्कि यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को भी चुनौती देने वाला कृत्य है। उक्त टिप्पणी में यह दावा किया गया कि “नफरत + नफरत = प्यार होता है”, जो कि समाज में भ्रम और उत्तेजना फैलाने वाला बयान है।
NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि जब इस प्रकार की भड़काऊ टिप्पणियाँ प्रदेश के मुख्यमंत्री के एक शासकीय सलाहकार द्वारा की जाती हैं, तो यह मामला और भी गंभीर हो जाता है। इससे प्रदेश में शांति भंग होने की आशंका है और नागरिकों के बीच असुरक्षा का भाव उत्पन्न हो सकता है।
NSUI की मांग 1. इस आपत्तिजनक पोस्ट का तत्काल संज्ञान लिया जाए। 2. पंकज कुमार झा को यह पोस्ट डिलीट करने का निर्देश दिया जाए। 3. उन्हें इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफ़ी माँगने हेतु बाध्य किया जाए। 4. उनके विरुद्ध उचित अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में कोई अन्य पदाधिकारी इस प्रकार की टिप्पणी करने से पूर्व जिम्मेदारी का पालन करे।
मेहनत एवं ईमानदारी से आगे बढ़ रहा साहू समाज : श्री अरूण साव उप मुख्यमंत्री तहसील साहू संघ में नवनिर्मित सामाजिक सामुदायिक भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में हुए शामिल
रायपुर. 29 अप्रैल 2025. उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव आज राजनांदगांव शहर के चौखडिय़ा पारा स्थित तहसील साहू संघ के नवनिर्मित सामाजिक सामुदायिक भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने 40 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित सामाजिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने साहू भवन के विस्तार के लिए 15 लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि आज का यह दिन ऐतिहासिक एवं गौरवमयी है। यह भवन नये स्वरूप में स्थापित हुआ है। इसके लिए उन्होंने सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि साहू समाज का यह सामुदायिक भवन जरूरतमंद के लिए जरूरत में खड़े होने वाला भवन है और इस भवन का इतिहास पुराना है। उन्होंने ऐतिहासिक पुरूष दानवीर भामाशाह की जयंती पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दानवीर भामाशाह केवल एक प्रखर योद्धा ही नहीं, बल्कि महाराणा प्रताप के अनन्य मित्र भी थे। हल्दीघाटी के युद्ध में महाराणा प्रताप की रसद सामग्री समाप्त होने पर महाराणा प्रताप ने मुगलों की सेना के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं किया और वे तथा उनकी सेना वन में चले गए। ऐसे कठिन समय में राष्ट्र भक्त एवं योद्धा दानवीर भामाशाह ने अपनी मित्रता निभाते हुए महाराणा प्रताप को सोने और चांदी की अशर्फी देकर सेना को सशक्त बनाया। उन्होंने कहा कि आज उनकी जयंती के अवसर पर संस्कारधानी में इस भवन का लोकार्पण एक बड़ी उपलब्धि है। अपनी मेहनत से सुंदर भवन का निर्माण साहू समाज द्वारा किया गया है। यह समाज मेहनत से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और सभी समाज को साथ लेकर चल रहा है। इस समाज की विशेषता ईमानदारी एवं मेहनत से कार्य करना है। साहू समाज ने अपने कार्यों से छत्तीसगढ़ महतारी और देश का मान-सम्मान बढ़ाया है।
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि साहू समाज का यह मंगल भवन सभी के लिए मंगलकारी है। सामाजिक भवन से साहू समाज के विकास के लिए कार्य होगा। यह समाज पढ़ा-लिखा एवं जागरूक समाज है। साहू समाज से उप मुख्यमंत्री, सांसद एवं विभिन्न पदों पर सभी ने अपना योगदान दिया है तथा अपने आचरण व्यवहार से अच्छा कार्य किया है। उन्होंने साहू समाज के लिए 10 लाख रूपए प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रदेश साहू संघ श्री टहल साहू, अध्यक्ष जिला साहू संघ श्री भागवत साहू, पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक जिला साहू संघ डॉ. नरेन्द्र साहू, पूर्व अध्यक्ष श्री कमल किशोर साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। महापौर श्री मधुसूदन यादव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी साहू, जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती गीता साहू, जिला पंचायत की सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह और नगर निगम के आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा सहित जनप्रतितिनिधि, अधिकारी एवं साहू समाज के पदाधिकारी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित थे।
एच आई वी संक्रमित युवक को दिया गया नया जीवन । ---------------- डोगेश्वरी साहू व समर्थन संस्था ने कायम किया मिशाल ।
सौरभ यादव/ बिहान छत्तीसगढ़/
तिल्दा-नेवरा। एच आई व्ही संक्रमित युवक जिसका इलाज दो साल पूर्व से चल रहा है जो अब स्वस्थ्य व सामान्य जीवन की ओर लौट रहा है , जिसका श्रेय समर्थन संस्था व समर्पित लिंक वर्कर को दिया जा रहा है । बताया जा रहा है कि एच आई व्ही से संक्रमित युवक सामाजिक भेदभाव व कलंक के भय व मानसिक तनाव के चलते टूट चुका था , उन्होंने एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी लेना भी बंद कर दिया था । लिहाजा उनका यह निर्णय उनकी सेहत व मानसिक स्थिति दोनों पर असर डालना शुरू कर दिया था और वह शारीरिक रूप से कमजोर होता गया ,उनकी आत्मविश्वास जवाब दे दिया था इस विकट परिस्थिति में समर्पण संस्था के समर्पित लिंक वर्कर के निरंतर प्रयास व संवेदनशील काउंसलिंग ने पिडित में एक उर्जा का संचार किया ,।
समर्थन संस्था के समर्पित लिंक वर्कर डागेश्वरी साहू ने न केवल संस्थागत जिम्मेदारी निभाई अपितु पीड़ित का एक मित्र के रूप में , अच्छा मार्गदर्शक और भावनात्मक सहारा देने में अहम भूमिका अदा किया । उन्होंने लगातार पीड़ित युवक से व्यक्तिगत मुलाकात कर उसकी विश्वास जीतने में सफल रहा , उसके जेहन में पनप रहे डर को दूर किया ।उनकी बार बार की काउंसलिंग , धैर्यपूर्वक संवाद व सहानुभूति से युवक में धीरे धीरे हिम्मत का संचार हुआ । तत्पश्चात लिंक वर्कर डागेश्वरी साहू ने पीड़ित युवक को A,r,t से दुबारा जोड़ने की पुरी प्रक्रिया को संभाला जिसके तहत पीड़ित युवक को नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र तक पहूंचाना ,डाक्टरी परामर्श की ब्यवस्था करना व नियमित दवा वितरण सुनिश्चित करना इसके अलावा मानसिक रूप से प्रोत्साहित करना रहा है ।
जिसके प्रतिसाद स्वरूप पीड़ित युवक अब नियमित रूप से A,r,t दवा का सेवन कर रहा है ,उसका स्वास्थ्य में अब सुधार आ रहा है ।इनमें सबसे अहम अब उनमें जीवन जीने की इच्छा जागृत हुआ है अब वह फिर से जीवन को पटरी पर लाने को संकल्पित है ।इस संबंध में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समर्थन संस्था के तिल्दा -नेवरा व आरंग जोनल सुपरवाइजर ईश्वर प्रसाद वर्मा ने कहा कि यह घटनाक्रम से इस विचार को बल मिलता है कि अगर समय पर उचित मार्गदर्शन व सहयोग मिले जो जीवन को दोबारा पटरी पर लाया जा सकता है । हमें केवल संवेदनशीलता , धैर्य व सहानुभूति की आवश्यकता है ।
रायपुर में पिकनिक मनाने गए 2 दोस्त नदी में डूबे
रायपुर /
राजधानी रायपुर में एनीकेट में डूबने से एक युवक की मौत हो गई वहीं दूसरे युवक की तलाश जारी है। कुशाभाऊ पत्रकारिता विश्वविद्यालय के पास खारुन नदी में बने एनीकेट में रविवार को दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए थे।
सभी खारुन नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इस दौरान अर्जुन यादव (18) और भूपेश का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में डूब गए। लोगों ने मुजगहन थाने में इसकी सूचना दी। SDRF के सर्च अभियान में बाद एक अर्जुन का शव मिल गया है। भूपेश की तलाश जारी है।

मुजगहन थाना पुलिस ने बताया कि घटना रविवार की है। रविवार को अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो पाया था। लेकिन सुबह से सर्च ऑपरेशन जारी है। एक युवक की डेड बॉडी मिली है। मौके परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक अर्जुन नया रायपुर और भूपेश लाभांडी का रहने वाला था।
पुलिस ने बताया कि एक युवक का शव निकाला गया है। और उसके शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया । इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जाएगी। परिजनों को सूचना दी गई है। वही दूसरे युवक की तलाश जारी है।
छत्तीसगढ़ मिडिया एसोसियेशन का मासिक बैठक हथंबद में संपन्न हुआ
सौरभ यादव/ बिहान छत्तीसगढ़/
सिमगा :- बलौदा बाजार जिला के सिमगा में .छत्तीसगढ़ मिडिया एसोसियेशन का समीक्षा मासिक बैठक रविवार दिनांक 27 अप्रैल 2025 को सिमगा ब्लॉक के हथंबद में बैठक 4 बजे आहुत किया गया था जो की बैठक शंति पुर्वक संपन हुआ
,मिडिया एसोसियेशन द्वारा प्रतिमाह बैठक आयोजित कर एसोसियेशन से संबंधित वह जनहित के बारे में चर्चा किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से रायपुर जिला मीडिया प्रभारी अजय नेताम
ब्लॉक अध्यक्ष थानेश्वर साहू समाचार प्रकाशन से लेकर पत्रकार के हित में विभिन्न पहलो पर विचार विमर्श भी किया गया बैठक में मुख्य रूप से जिला मिडिया प्रभारी अजय नेताम,सिमगा ब्लॉक अध्यक्ष थानेश्वर साहू , ब्लाक महासचिव तिल्दा से सौरभ यादव सिमगा ब्लॉक उपाध्यक्ष दिलीप वर्मा, ब्लॉक सरंक्षक रामेश्वर जांगड़े सदस्य अर्चना वर्मा, एवंम पत्रकार साथी गण भी उपस्थित थे ।
मुख्यमंत्री साय से मिले सांसद मनोज तिवारी
रायपुर/
मनोज तिवारी शनिवार को रायपुर पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। सीएम से लोककला और फिल्म सिटी को लेकर बातचीत की। पहलगाम हमले को लेकर मनोज तिवारी ने कहा कि, बहुत ही हृदय विदारक घटना हुई है। अभी तक भारत सरकार ने बहुत कड़े निर्णय लिए हैं। पाकिस्तान के साथ जो भी हमारे आर्थिक संबंध बने हुए थे उसको रोका हुआ है। हमने सिंधु समझौते को रद्द किया है। क्योंकि एक साथ हमारा खून भी बहे और पानी भी स्वीकार नहीं है।
हम इतना ही कहेंगे कि आप विश्वास रखें। मोदी सरकार ऐसे आतंकवादियों को आईडेंटिफाई करके और जहां भी हैं उनको सबक सिखाया जाएगा भारत के लोग बहुत गुस्से में है दुख भी है लेकिन विश्वास रखें इसका ऐसा रिएक्शन होगा भारत की तरफ से जिसे दुनिया दिखेगी।
तिवारी ने कहा कि सिंधु जल समझौते को रोकना सामान्य फैसला नहीं है, यह बहुत बड़ा कदम है। पाकिस्तान पर इशारा करते हुए तिवारी ने कहा कि अब वहां सिर्फ गीदड़ भभकियां दी जा रही हैं, जबकि भारत निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुका है।
उन्होंने कहा कि, यह हमला उन ताकतों की बौखलाहट है, जिन्हें कश्मीर में लौटती शांति और विकास रास नहीं आ रहा है। तिवारी ने बताया कि वे खुद 15 अप्रैल को पहलगाम गए थे और वहां की शांति देखकर बहुत प्रभावित हुए थे। लेकिन अब आतंकियों ने जो कायराना हरकत की है, उसका जवाब भारत सरकार ठोस एक्शन से देगी।
मुख्यमंत्री साय ने मनोज तिवारी का पारंपरिक शाल पहनाकर और छत्तीसगढ़ की खास बेलमेटल कला से बनी नंदी प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और राज्य में उभरते फिल्म उद्योग पर विस्तार से बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार लोककला के संरक्षण और फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े कदम उठा रही है।
उन्होंने तिवारी को प्रदेश में प्रस्तावित फिल्म सिटी की तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी। इस पर मनोज तिवारी ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को देशभर में पहचान दिलाने की दिशा में अच्छा काम हो रहा है।
तेंदूपत्ता-घोटाला...28 अप्रैल तक EOW की रिमांड पर DFO:सांठगांठ कर 7 करोड़ रुपए गबन करने का आरोप, अधिकारियों ने संग्राहकों को नहीं पहुंचाया पैसा
रायपुर/
सुकमा जिले के तेंदूपत्ता घोटाले में ईओडब्ल्यू ने शनिवार को निलंबित डीएफओ IFS अशोक पटेल को कोर्ट में पेश किया गया। कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद DFO को कोर्ट में पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान EOW की ओर से अशोक पटेल की फिर से पूछताछ कस्टोडियल रिमांड मांगी गई।
दोनों पक्षों का तर्क सुनने के बाद कोर्ट ने निलंबित DFO पटेल को 28 अप्रैल तक EOW को पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। बता दें कि, सुकमा के वन विभाग अधिकारी अशोक कुमार पटेल और अन्य अफसरों पर तेंदूपत्ता तोड़ने वाले मजदूरों के बोनस में बड़ा घोटाला करने का आरोप है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस राशि का कुछ हिस्सा पूर्व विधायक मनीष कुंजाम और कुछ पत्रकारों को भी दिया गया था।

इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (EOW/ACB) ने अशोक कुमार पटेल और अन्य लोगों के खिलाफ आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया। 8 अप्रैल 2025 को एफआईआर दर्ज होने के बाद 10 अप्रैल को छापेमार कार्रवाई की गई है। पिछले दिनों छापेमारी में ACB-EOW को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंक खातों की जानकारी और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। चौंकाने वाली बात यह रही कि डीएफओ ऑफिस के कर्मचारी राजशेखर पुराणिक के घर से 26 लाख 63 हजार 700 रुपए कैश मिले।
रायपुर में 1.20 करोड़ की अवैध शराब पर बुलडोजर
रायपुर/
रायपुर में 18000 लीटर अवैध शराब पर पुलिस ने बुलडोजर चला दिया है। लाखों कांच की बोतलों से निकली शराब जमीन पर बिखर गई। पुलिस ने इस एक्शन के माध्यम से अवैध शराब बेचने वालों को कड़ा मैसेज दिया है। इस शराब की कीमत 1 करोड़ 20 लाख रुपए थी। आबकारी एक्ट के प्रावधानों के तहत इस अवैध शराब को नष्ट किया गया।
रायपुर रेंज रायपुर अमरेश मिश्रा और SSP डॉ लाल उमेश सिंह के निर्देश में शहर भर के 32 थानों के आबकारी मामलों में जब्त हुईं शराब इकट्ठा की गई। ये करीब 3585 आबकारी अधिनियम के मामलों की 12582 लीटर देशी शराब, 5583 लीटर विदेशी शराब, 88 लीटर महुआ शराब, 427 लीटर बियर कुल 18804 लीटर शराब थी।

जिसे पुलिस ने अपनी निगरानी में बुलडोजर चला कर नष्ट कर दिया। इस दौरान शराब पूरी तरह जमीन पर बिखर गई। साथ ही कांच के टुकड़े चारों तरफ दिखने लगे। जिसे जेसीबी की मदद से हटाया गया।
यह एक्शन जिला कलेक्टर एवं दण्डाधिकारी की तरफ से गठित समिति में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी देवेन्द्र पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, उपायुक्त आबकारी जिला रायपुर रामकृष्ण मिश्रा, CSP अमन रमन झा, निरीक्षक नरेन्द्र मिश्रा थाना तेलीबांधा, निरीक्षक विनय बघेल थाना टिकरापारा, निरीक्षक भावेश गौतम थाना माना की मौजूदगी में हुआ।
डोंगरगढ़ में रोप-वे ट्रॉली टूटकर गिरी:बाल-बाल बचे पूर्व गृहमंत्री पैकरा; प्रदेश महामंत्री भारत वर्मा को गंभीर चोट, रायपुर रेफर
डोंगरगढ़
छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी धाम में शुक्रवार को हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी रोपवे की एक ट्रॉली अचानक टूटकर जमीन पर गिर गई। इस हादसे में भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रायपुर ले जाया गया है। वहीं पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रोपवे का उपयोग श्रद्धालुओं की सुविधा के बजाय सीमेंट और गिट्टी ढोने के लिए किया जा रहा है। मेंटेनेंस के नाम पर सिर्फ औपचारिकता की जाती है। तकनीकी खामियों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
हादसे के वक्त ट्रॉली में भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री राम सेवक पैकरा, भरत वर्मा, दया सिंह और मनोज अग्रवाल सवार थे। ये हादसा मंदिर से नीचे आने के बाद बिल्कुल आखिरी में ट्रॉली से उतरने के दौरान हुआ।
हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल बाहर निकाला गया और रोपवे का संचालन रोक दिया गया। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। बचाव कार्य जारी है।इस हादसे में भरत वर्मा को गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि, उन्हें सर्वाइकल और हिप इंजरी हुई है। डोंगरगढ़ से उन्हें ग्रीन कॉरीडोर बनाकर पहले राजनांदगांव के निजी अस्पताल लाया गया। यहां से उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। यह पहला हादसा नहीं है। पिछले कुछ सालों में कई घटनाएं हो चुकी हैं। इससे ट्रस्ट समिति की लापरवाही सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर ट्रस्ट को जरा भी चिंता है। वे पूछ रहे हैं कि क्या ट्रस्ट को सिर्फ चढ़ावे की चिंता है या श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है।
हादसे की वजह रोपवे मेंटेनेंस में लापरवाही मानी जा रही है। स्थानीय प्रशासन और टेक्निकल टीम जांच में जुटी है। फिलहाल इस हादसे के बाद रोपवे सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
मुस्लिम-समाज ने पाकिस्तानी पीएम के तस्वीर को चप्पलों से पीटा:रायपुर में पाकिस्तान मुर्दाबाद नारे लगाकर पुतला फूंका
रायपुर /
जम्मू कश्मीर में हुए हमले के बाद रायपुर के मुस्लिम समाज ने पाकिस्तान का पुतला जलाया है। इसके अलावा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की तस्वीरों में जमकर चप्पल बरसाए। साथ ही पाकिस्तान और आतंकवाद मुर्दाबाद के जमकर नारे लगे। फिर समाज के लोगों ने राष्ट्रपति के नाम रायपुर जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इस प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आतंकवादियों को भी मौत के घाट उतारने की बात कही।
मुस्लिम समाज की रैली मोती बाग चौक से कलेक्ट्रेट परिसर तक निकली। इस दौरान समाज के लोगों में घटना को लेकर जमकर नाराजगी दिखी। कलेक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने रायपुर के तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में राष्ट्रपति और राज्यपाल से आतंकवादियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की गई। प्रदर्शन में पहुंचे एक व्यक्ति ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ जल्द ही एक्शन होना चाहिए। इस प्रदर्शन में भीम आर्मी के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। विरोध करते हुए जुलूस वापस मोती बाग चौक पहुंचा। यहां पर पाकिस्तानी पीएम शाहबाज शरीफ का पुतला जलाया। इसके अलावा जमकर आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सेना को जल्द से जल्द आतंकवादियों के ठिकानों में घुसकर उन्हें मारना चाहिए।
आतंकी हमले में घायल पूजा अग्रवाल की स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर अम्बेडकर अस्पताल में जांच, उपचार और काउंसलिंग की गई
रायपुर, 25 अप्रैल 2025/
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में मनेंद्रगढ़ जिले के चिरमिरी शहर निवासी श्री अरविंद अग्रवाल की धर्मपत्नी श्रीमती पूजा अग्रवाल घायल हो गई थीं। जान बचाने के प्रयास में उन्हें कंधे पर चोट लगी थी। आज जब उनका परिवार रायपुर पहुँचा, तो स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उनका कुशलक्षेम पूछा और परिवार के सभी सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल के निर्देश पर श्रीमती पूजा अग्रवाल का तत्काल डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के अस्थि रोग विभाग में परीक्षण कराया गया। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रणय श्रीवास्तव ने उनकी विस्तृत जांच की। डॉ. प्रणय ने बताया कि श्रीमती पूजा अग्रवाल के दाहिने कंधे में हल्का फ्रैक्चर पाया गया है। अम्बेडकर अस्पताल पहुँचते ही उनके दाहिने कंधे और रीढ़ का एक्स-रे किया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोलीबारी के दौरान जान बचाने के लिए जमीन पर लेटने के कारण उन्हें चोट लगी होगी।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने जानकारी दी कि मरीज को सभी आवश्यक दवाइयाँ दी गई हैं और उन्हें फॉलोअप हेतु परामर्श दिया गया है। आतंकी हमले के भयावह अनुभव के चलते पूरा परिवार मानसिक रूप से भी व्यथित था, इसलिए चिकित्सकों द्वारा उनकी काउंसलिंग भी की गई और उन्हें ढाढ़स बंधाया गया।
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने पूजा अग्रवाल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से खड़ी है। उन्होंने अम्बेडकर अस्पताल के डॉक्टरों को पूजा अग्रवाल के उपचार में पूरी सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पूजा अग्रवाल एवं उनके परिवार को यदि आगे भी किसी प्रकार की चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता हो, तो राज्य सरकार हर संभव मदद प्रदान करेगी।
दीपक तिवारी ,वन विभाग रायपुर रेंज का संभाला दायित्व।
सौरभ यादव/ बिहान छत्तीसगढ़/
तिल्दा-नेवरा। वन विभाग का उप वन क्षेत्रापाल दीपक तिवारी को बीते माह उड़नदस्ता प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया था ,इस दरम्यान दीपक तिवारी ने अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए लकड़ी तस्करों को एक के बाद एक दबोचने लगा ,जिसके चलते लकड़ी तस्करों की सांसें फूलने लगी है । माना जाता है कि दीपक तिवारी अपने कार्य काल में सौंपी गई जवाबदारी का बड़े ही समर्पण भाव से बखूबी निर्वहन किया है ,जिसके चलते विभाग भी उस पर विश्वास जताया है ,अब दीपक तिवारी उप वन क्षेत्रापाल को उड़नदस्ता प्रभारी के साथ साथ रायपुर का प्रभारी रेंजर के रूप में जवाबदारी सौपी गयी है ।
,दीपक तिवारी के उत्कृष्ट कार्य एवं समर्पण भावना के चलते उन्हें एक और जवाबदारी सौंपी गई ,जिसको लेकर उनसे विश्वास जताया गया है कि वे इस नये जिम्मेदारी का उसी तरह निर्वहन करेंगे जो आज तक करते आया है ।दीपक तिवारी को रायपुर रेंजर के रूप में जिम्मेदारी मिलने से परिक्षेत्र वासियों में भी एक आशा की किरण जगी है ,कि वन विभाग से संबंधित क्षेत्र का अब कायाकल्प होगा
प्रस्तावित मेसर्स बालाजी स्पंज उद्योग को लेकर ग्रामीणों मे भारी विरोध!पर्यावरण स्वीकृति जनसुनवाई में बिफरे ग्रामीण।एडीएम का ग्रामीणों ने किया घेराव
सौरभ यादव रायपुर/ बिहान छत्तीसगढ़/
तिल्दा-नेवरा। उद्योग स्थापना को लेकर आहूत पर्यावरण स्वीकृति जनसुनवाई मे ग्रामीणों ने उद्योग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया , यहां तक कि नाराज ग्रामीणों ने एडीएम देवेन्द्र पटेल का घेराव भी किया ,जिसके चलते कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया था , पुलिस प्रशासन को भी सतर्कता बरतनी पड़ी । मामला तिल्दा-नेवरा जनपद पंचायत क्षेत्र ग्राम अल्दा का है , जहां पर प्रस्तावित मेसर्स बालाजी स्पंज एवं पांवर लिमिटेड उद्योग स्थापना हेतु पर्यावरण स्वीकृति जनसुनवाई संपन्न हुई । पर्यावरण स्वीकृति जनसुनवाई में प्रभावित क्षेत्र के सैकडो महिला पुरूष शिरकत किये । पर्यावरण स्वीकृति जनसुनवाई में शुरू से ही ग्रामीणों का प्रस्तावित उद्योग को लेकर विरोधाभास का गूंज गूंजने लगा ।
ग्रामीणों ने विभिन्न बिंदुओं का हवाला देते हुए प्रस्तावित उद्योग का घोर विरोध किया , कहां जावे तो जनदीर्घा से ऐसा कोई आवाज सुनने को नही मिला जो उद्योग स्थापित करने के पक्षधर हो । ग्रामीणजन एक स्वर में प्रस्तावित उद्योग का विरोध किया । बताया जा रहा है कि ग्रामीणों में प्रस्तावित उद्योग को लेकर इतना आक्रोश था कि पर्यावरण स्वीकृति जनसुनवाई के एक दिन पूर्व लगायें गये पंडाल को आग के हवाले कर दिया था । पर्यावरण स्वीकृति जनसुनवाई में जनप्रतिनिधियों के अलावा ग्रामीणजनो के विरोधी स्वर मुखर हो रहा था ,वहीं पर एक हाथ मे विरोध का तख्ती तो वहीं दुसरे हाथ में उद्योग नहीं लगाने की मांग का परिपत्र लेकर ग्रामीण नारेबाजी करते नजर आया ,
पर्यावरण स्वीकृति जनसुनवाई में एडीएम देवेन्द्र पटेल से ग्रामीणो ने विरोध पत्र का रिसिप की मांग किया ,जिन पर एडीएम ने हामी भरी थी , लेकिन जब पर्यावरण स्वीकृति जनसुनवाई का समापन होने के पश्चात भी ग्रामीणों को रिसिप नहीं मिला तो वे उद्वेलित हो गये उन्होंने एडीएम देवेन्द्र पटेल व अन्य अधिकारियों के वाहन को घेरकर रिसिप की मांग करने लगे , जिसके चलते थोड़ी देर के लिए वातावरण में गर्माहट आ गई थी, ,इधर ग्रामीणों ने कहां कि किसी भी सूरत में इस क्षेत्र में उद्योग नहीं लगने दिया जावेगा । उन्होंने कोर्ट की शरण लेने की बात कही ।
*भारत एकजुट,आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने का समय-रमेश ठाकुर *
रायपुर/
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में इस्लामिक आतंकवादियों द्वारा किए गए कायराना हमले व हिंदुओं पर देश के अलग अलग जगहों हो रहे लगातार अत्याचार के विरोध में आज भाजपा वामन राव लाखे वार्ड द्वारा पाकिस्तान व आतंकवादियों का पुतलान दिया गया व इस हमले में शहीद हुए लोगो को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने बताया कि इस कायराना हमले से देश एकजुट है और आतंकवादियों को मिट्टी में मिलना का समय आगया है जिस प्रकार से आतंकियों ने चुन चुन कर हिंदुओं को मारा है उससे पूरा देश गुस्से में है
भारत इसका जवाब जरूर देगा नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व पर हम सभी को पूरा भरोसा है कार्यक्रम में महेश शैमा,देवेंद्र ठाकुर,रामकिंकर सिंह,प्रशांत ठाकुर,श्याम सुंदर अग्रवाल,,राकेश ठाकुर,दिगंबर चौधरी,सुनील शुक्ला,जय शर्मा,विश्वजीत साहू,रवि सोनकर,रमेश सपहा,आनंद साहू,सविता साहू,सरस्वती देवांगन,आकाश शर्मा,त्रिलोक बाघ,जीत साहू,विभोर ठाकुर व अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।