खेल
सांसद खेल महोत्सव के दूसरे दिन हॉकी, बालीबाल, हैण्डबाल, कराते, फेसिंग, फुटबाल सहित विभिन्न खेलों का हुआ आयोजन
जांजगीर-चांपा /
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया गया है। जिसके अंतर्गत 29 से 31 अगस्त तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी तारतम्य में आज दूसरे दिन हॉकी, वालीबाल, हैण्डबाल, कराते, फुटबाल, फेसिंग, खेल से संबंधित विषयों पर वाद विवाद व फिटनेस टॉक सहित विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे खेल प्रतियोगिता में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने सभी खिलाड़ियों का उत्सावर्धन करते हुए पुरूस्कृत कर सम्मानित किया। कलेक्टर ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान इजी. रवि पांडेय, एसडीएम जांजगीर एवं जिला खेल अधिकारी श्री सुब्रत प्रधान सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
31 अगस्त को जिले में होंगे विविध खेल कार्यक्रम का आयोजन -
31 अगस्त को प्रातः 7.30 बजे शासकीय हाई स्कूल मैदान से कचहरी चौक, नेताजी चौक लिंक रोड होते हुए वापस शासकीय हाई स्कूल मैदान जांजगीर तक सायकल रैली एवं हसदेव पब्लिक स्कूल (लछनपुर) चांपा में अंडर 19 वर्ग शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
विधायक श्रीमती पोर्ते द्वारा नशा से दूर रहने और खेल गतिविधियों से जुड़ने का दिया गया संदेश -खेल दिवस पर सूरजपुर में 03 दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर की रिपोर्ट
_________
सूरजपुर/ 29 अगस्त 2025/ हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आज राष्ट्रीय खेल दिवस जिलेभर में उत्साह के साथ मनाया गया। “मोर खेल मोर गौरव” थीम पर आधारित इस अवसर पर जिला स्तरीय तीन दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ सूरजपुर के अग्रसेन स्टेडियम में किया गया। जिसमें जिले के पुरुष टीम गजाधरपुर, करोटी, सूरजपुर, लटोरी, अनरोखा, ज्ञानसागर, गोंदा और पकनी तथा बरपारा, भटगांव, कुदरियापारा एवं सूरजपुर की महिला टीम ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर, क्रीड़ा अधिकारी सहित खेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, अजय गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं और खेल प्रेमी उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का खेल के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं को खेल भावना से खेलते हुए अपने व्यक्तित्व और भविष्य को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु कई योजनाएं संचालित कर रहा है, जिनका लाभ लेकर युवा आगे बढ़ सकते हैं।

विधायक ने विवेकानंद जी के कथन “हम जैसा सोचते हैं वैसा बनते हैं” को उद्धृत करते हुए युवाओं को सकारात्मक सोच और परिश्रम से जीवन में सफलता अर्जित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी को पढ़ाई और खेल में समान रूप से उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया तथा स्वस्थ जीवन के लिए खेल को आवश्यक बताया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को फिट इंडिया शपथ भी दिलाई और शारीरिक-मानसिक मजबूती के लिए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की बात कही।
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बुरी आदतें आसानी से जीवन में प्रवेश कर जाती हैं, परंतु यह हमारे लिए विनाशकारी होती हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि असली खुशी देश की प्रगति, समाज के विकास और परिवार की खुशियों में है, न कि नशे में। उन्होंने कहा कि खेलों से व्यक्ति का संपूर्ण विकास होता है। इससे आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का निर्माण होता है। कलेक्टर ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को भी आवश्यक बताया और सभी खिलाड़ियों व उपस्थित लोगों को नशामुक्ति एवं स्वच्छ पर्यावरण हेतु शपथ दिलाई।
राष्ट्रीय खेल दिवस मनाने का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, फिटनेस का महत्व समझाना और उन्हें अनुशासित व स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।
इस खेल दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती पोर्ते द्वारा फुटबाल संघ के प्रशिक्षक श्री लामा ,वालीवॉल संघ के प्रशिक्षक,खो-खो के प्रशिक्षक श्री बालेन्द्र साहू, कबड्डी के प्रशिक्षक श्री सहदेव रवि, एथलेटिक्स के प्रशिक्षक श्री नरेश , स्वीमिंग के प्रशिक्षक श्री वेद, ताइकाण्डो के प्रशिक्षक श्री आकाश, वुशु के प्रशिक्षक श्री लालबी यादव, बैडमिंटन के प्रशिक्षक श्री सोमेश लामा एवं कराते के प्रशिक्षक को उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अलावा राष्ट्रीय खिलाड़ियों श्री सोमेश लामा , श्री देवेन्द्र कुमार, श्री टोमेंद्र पटेल , श्री प्रकाश कुमार और सुश्री मुन्नी को भी स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया।
तीज त्यौहार पर विशेष लेख
तीज त्यौहार पर विशेष लेख तीज जिसे संस्कृत : तीज , जिसका शाब्दिक अर्थ है "तीसरा"—हिंदू कैलेंडर के अनुसार अमावस्या के बाद का तीसरा दिन जब मानसून शुरू होता है—तीन हिंदू त्योहारों के लिए एक सामूहिक शब्द है जो मुख्य रूप से देवी पार्वती और उनके पति शिव को समर्पित हैं । यह मुख्य रूप से विवाहित महिलाओं और अविवाहित लड़कियों द्वारा, विशेष रूप से नेपाल और उत्तर भारत में, अपने पति या होने वाले पति की लंबी उम्र की प्रार्थना करने और गायन, झूला झूलने, नृत्य करने, आनंदमय उत्सव मनाने, पूजा करने और अक्सर उपवास के माध्यम से मानसून के आगमन का स्वागत करने के लिए मनाया जाता है ।
तीज सामूहिक रूप से तीन त्योहारों को संदर्भित करता है: हरियाली तीज, कजरी तीज और हरतालिका तीज। हरियाली तीज (शाब्दिक रूप से, "हरा तीज"), जिसे सिंधारा तीज, छोटी तीज, श्रावण तीज या सावन तीज भी कहा जाता है, श्रावण मास की अमावस्या के बाद तीसरे दिन पड़ता है । यह वह दिन है जब शिव ने पार्वती की विवाह की इच्छा स्वीकार की थी। महिलाएँ अपने मायके जाती हैं, झूले बनाती हैं और गीत-नृत्य के साथ उत्सव मनाती हैं।
कजरी तीज (शाब्दिक अर्थ, "अंधेरा तीज"), जिसे बारी तीज के नाम से भी जाना जाता है, हरियाली तीज के 15 दिन बाद चंद्रमा के अंधेरे (घटते) चरण के दौरान मनाया जाता है।
हरतालिका तीज ( हरत का अर्थ "अपहरण" और आलिका का अर्थ "स्त्री-मित्र" है) हरियाली तीज के एक चंद्र मास बाद भाद्रपद माह की अमावस्या के तीसरे दिन पड़ती है । यह उस अवसर की याद में मनाया जाता है जब पार्वती ने अपने पिता हिमालय द्वारा तय किए गए विष्णु से विवाह से बचने के लिए अपनी सहेलियों को उनका अपहरण करने के लिए प्रोत्साहित किया था । विवाहित महिलाएँ अपने पति की भलाई के लिए इस दिन निर्जला व्रत (बिना पानी का उपवास) रखती हैं।
तीज हर महीने अमावस्या के बाद आने वाले तीसरे दिनऔर हर चंद्र महीने की पूर्णिमा की रात के बाद आने वाले तीसरे दिन को संदर्भित करता है।, कजरी तीज और हरतालिका तीज भाद्रपद में आती हैं।
त्यौहार प्रकृति की उदारता, बादलों और बारिश के आगमन, हरियाली और पक्षियों के साथ सामाजिक गतिविधि, अनुष्ठान और रीति-रिवाजों का जश्न मनाते हैं। महिलाओं के त्यौहारों में नाचना, गाना, दोस्तों के साथ मिलना और कहानियाँ सुनाना, मेहंदी से रंगे हाथ और पैर पहनना, लाल, हरा या नारंगी कपड़े पहनना, त्यौहारों का भोजन साझा करना, और हरियाली तीज पर पेड़ों के नीचे झूला झूलना शामिल है । राजस्थान में मानसून का त्यौहार पार्वती को समर्पित है।
हरतालिका संस्कृत शब्दों हरित और आलिका का संयोजन है , जिसका अर्थ क्रमशः "अपहरण" और "स्त्री-मित्र" है। हरतालिका तीज की पौराणिक कथा के अनुसार, पार्वती ने शैलपुत्री के रूप में अवतार लिया था।
भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया को, पार्वती ने गंगा की रेत और गाद से एक शिवलिंग बनाया और प्रार्थना की। शिव इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने पार्वती से विवाह करने का वचन दे दिया। अंततः, पार्वती शिव से मिल गईं और अपने पिता के आशीर्वाद से उनसे विवाह कर लिया। तब से, इस दिन को हरतालिका तीज के रूप में जाना जाता है क्योंकि देवी पार्वती को शिव से विवाह करने के अपने उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए उनकी आलिका सखी ने उनका हरण (हरित) किया था ।
तदनुसार, हरतालिका तीज को एक प्रमुख त्योहार के रूप में देखा जाता है और यह भारतीय/उत्तरी नेपाली चंद्र माह भाद्रपद के उज्ज्वल पक्ष के तीसरे दिन मनाया जाता है। हरतालिका तीज की शाम को महिलाएं भोजन करती हैं , पार्वती और शिव की प्रार्थना करती हैं, उनके विवाह को याद करती हैं और पूरी रात जागकर प्रार्थनाएं सुनती हैं। व्रत (जिसे निशिवासर निर्जला व्रत भी कहा जाता है) हरतालिका तीज की शाम को शुरू होता है और अगले दिन पूरे दिन के पालन के बाद तोड़ा जाता है जिसमें महिलाएं पानी भी नहीं पीती हैं। पार्वती से प्रार्थना करने पर ध्यान केंद्रित किया जाता है जिसे शिव चाहते थे कि उसकी पूजा हरतालिका नाम से की जाए। उत्सव के मुख्य क्षेत्र बिहार , पूर्वी उत्तर प्रदेश , झारखंड , राजस्थान , उत्तराखंड और नेपाल हैं। हरतालिका तीज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी फैल गई है ।
महाराष्ट्र में हरतालिका तीज को हरतालिका तृतीया व्रत के नाम से भी जाना जाता है, जो उत्तर भारत की तरह ही मनाया जाता है। यह व्रत विवाहित महिलाएँ अपने पति के कल्याण, स्वास्थ्य और लंबी आयु तथा सुखी वैवाहिक जीवन के लिए रखती हैं, जबकि अविवाहित लड़कियाँ अच्छे पति की प्राप्ति के लिए रखती हैं। यह निर्जला व्रत है, वे डेढ़ दिन का उपवास रखती हैं। महिलाएँ सोलह श्रृंगार करती हैं, मेहंदी लगाती हैं, नई लाल या हरी साड़ी पहनती हैं, उपवास रखती हैं, मिट्टी या नदी की रेत से शिव, गौरी, सखी और गणेश की मूर्ति बनाती हैं, कथा पढ़ती हैं। वे रात में भी भजन संगीत और पूजा करती हैं और दूसरे दिन व्रत खोलती हैं। भारत में महिलाओं के लिए शिव परिवार के साथ गौरी के रूप में देवी पार्वती की पूजा करना बहुत शुभ व्रत है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश , बिहार और झारखंड में , विवाहित महिलाएं तीज के पूरे दिन निर्जला उपवास रखती हैं, और आलता , मेहंदी इत्यादि जैसे श्रृंगार करती हैं। शाम को, महिलाएं भारी साड़ियों, सोने के आभूषणों, अपनी शादी की चुनरी से सजती हैं, और अपनी नाक की नोक से पारंपरिक नारंगी सिंदूर लगाती हैं। कई घरों में, तीज की पूर्व संध्या पर अपनी शादी की बनारसी साड़ी पहनने की परंपरा है। वे शिव, गौरी, गणेश और कार्तिकेय की छोटी मिट्टी की मूर्तियाँ बनाती हैं और उनकी पूजा करती हैं। वे माँ पार्वती को फूल, माला, फल, मिठाई और 16 श्रृंगार की वस्तुएँ अर्पित करती हैं। फिर वे हरतालिका तीज कथा कहती और सुनती हैं, और देवताओं को श्रद्धा अर्पित करती हैं। अगली सुबह बहुत जल्दी, सूर्योदय से पहले, महिलाएं तैयार हो जाती हैं और फिर से मूर्तियों की पूजा करती हैं भोजपुरी क्षेत्र में , ठेकुआ, पिडुकिया आदि पारंपरिक व्यंजन तैयार किए जाते हैं। पारंपरिक लोकगीत गाए जाते हैं और महिलाएँ अपनी शादी के सिंहोरा का सिंदूर लगाती हैं।.... डॉ. क्रांति खूंटे , (अन्तर्राष्ट्रीय महिला पुरुस्कार से सम्मानित )कसडोल (छ. ग. )
अस्मिता खेलो इंडिया ताइक्वांडो लीग में खिलाड़ियों ने दिखाये जलवे
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बालोद -
जिले में ताइक्वांडो की पहल दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है , वहीं दूसरी ओर खिलाड़ियों को खेल जगत में निखरने का मौका मिल रहा है। लगातार ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता का विकास हो रहा है , साथ ही खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक चेतना में भी निखार आ रहा है। जिला ताइक्वांडो , छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ और खेलो इंडिया (भारतीय खेल प्राधिकरण , खेल एवं युवा कार्य मंत्रालय , भारत सरकार) के तत्वावधान में अस्मिता खेलो इंडिया महिला लीग राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का दो दिवसीय आयोजन 23/24 अगस्त को बालोद शहर में किया गया। जिसमें राज्य भर से सब-जूनियर , कैडेट जूनियर और सीनियर महिला समूहों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में आठ वर्ष से अधिक आयु की दो सौ पचास बालिकाओं / महिला खिलाड़ियों / प्रशिक्षकों / अधिकारियों ने भाग लिया
, जहाँ महिला खिलाड़ियों को उभरने का अवसर मिला और महिला सशक्तिकरण , आत्मनिर्भरता जैसी असीमित संभावनाओं का प्रदर्शन किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दुर्ग जिला को , द्वितीय रायपुर जिला को और तृतीय स्थान रायगढ़ जिला को मिला। यह ताइक्वांडो प्रतियोगिता नगर के सी मार्ट हॉल जय स्तंभ चौक में आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में "मेरी ज़िंदगी" एनजीओ के निदेशक होमेंद्र साहू , माधवी साहू उपस्थित रहे , जिन्होंने खिलाड़ियों को प्रकृति से जोड़ा और जलवायु परिवर्तन व वर्तमान जलवायु के बारे में गहन जानकारी प्रदान की। वहीं समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्रीमती चुन्नी मानकर (अध्यक्ष, जिला पंचायत बालोद) , श्रीमती ज्योति ओटवानी बालोद, खोगेश्वरी गेंद्रे (अस्मिता खेलो इंडिया ताइक्वांडो लीग , छत्तीसगढ़) , यामिनी कौमार्या (जिला ताइक्वांडो संघ बालोद) , छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ (भारतीय ताइक्वांडो) के महासचिव रविशंकर धनखड़ , प्रमोद ठाकुर (सदस्य, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ) , दिलीप विश्वकर्मा (ताइक्वांडो तकनीकी सदस्य) , वासुदेव (ताइक्वांडो संघ बालोद) उपस्थित थे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों और आयोजकों का उत्साहवर्धन करते हुये कहा कि यह महिलाओं के लिये बहुत बड़ा मंच है , जहां महिलाओं को खेल में आगे बढ़ाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भाग लेना चाहिये , आप लोग खेल जारी रखिये हम आप लोगों की उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। उल्लेखनीय है कि अस्मिता खेलो इंडिया महिला लीग एक राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता है , जिसका उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को प्रदर्शित करना है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करना है। यह प्रतियोगिता खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत आयोजित की जाती है , जो भारत सरकार द्वारा शुरू की गई एक पहल है जिसका उद्देश्य देश में खेलों को बढ़ावा देना है। अस्मिता लीग का मुख्य उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिये एक मंच प्रदान करना है। यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती है , ताकि वे अपने खेल में सुधार कर सकें। अस्मिता लीग से चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
सुप्रीम कोर्ट बोला-28 अगस्त तक फुटबॉल विवाद का समाधान निकालें:
सुप्रीम कोर्ट ने ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) और फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड (FSDL) से विवाद सुलझाने को कहा है। दोनों संस्थान के बीच मास्टर राइट्स एग्रीमेंट (MRA) से जुड़ी समस्या चल रही हैं।
इसी वजह से इस सीजन इंडियन सुपर लीग (ISL) अब तक नहीं खेली गई हैं। लीग के 11 क्लबों ने AIFF को लिखकर बताया है कि वे बंद होने की कगार पर हैं।
जस्टिस पी. एस. नरसिम्हा और जॉयमल्या बागची की बेंच ने शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई करते हुए AIFF और FSDL को निर्देश दिया कि वे आपस में चर्चा करें और 28 अगस्त (अगली सुनवाई की तारीख) तक कोई समाधान निकालें।
11 ISL क्लबों ने AIFF को चेतावनी दी है कि अगर यह विवाद जल्द हल नहीं हुआ, तो वे पूरी तरह बंद होने की स्थिति में आ सकते हैं। क्लबों ने पिछले हफ्ते AIFF अध्यक्ष कल्याण चौबे को पत्र लिखकर कहा कि MRA (मास्टर राइट्स एग्रीमेंट) के नवीनीकरण न होने से पैदा हुआ संकट ने भारत में प्रोफेशनल फुटबॉल को लगभग बंद करा दिया है।
क्लबों ने लिखा, पिछले 11 वर्षों में लगातार निवेश और संयुक्त प्रयास से क्लबों ने युवा विकास प्रणाली, ट्रेनिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर और प्रोफेशनल टीमें बनाई हैं, जिससे भारतीय फुटबॉल की साख देश और विदेश दोनों जगह बढ़ी है।
उन्होंने आगे कहा, अब यह डेवलपमेंट गिरने के खतरे में है। मौजूदा रुकावट ने गंभीर नतीजे दिए हैं। संचालन ठप है और लीग के जारी रहने की कोई गारंटी नहीं है, ऐसे में कई क्लब पूरी तरह बंद होने की कगार पर हैं।
सौरव गांगुली प्रिटोरिया कैपिटल्स के हेड कोच बने
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली साउथ अफ्रीका टी-20 (SA20) लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स के नए हेड बन गए हैं। SA20 के चौथे सीजन की शुरुआत 26 दिसंबर से होगी।
गांगुली टीम में जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे। वे पहले से ही प्रिटोरिया कैपिटल्स की पैरेंट कंपनी JSW स्पोर्ट्स के क्रिकेट डायरेक्टर के रूप में काम कर रहे हैं।
JSW ने सौरव गांगुली को पिछले साल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट बनाया था। गांगुली 9 सितंबर को SA20 ऑक्शन में प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए मौजूद रहेंगे। सौरव गांगुली पहली बार किसी टीम के हेड कोच बने हैं। 2015 से 2019 के बीच गांगुली क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष रहे थे। उन्हें IPL 2019 में दिल्ली कैपिटल्स का मेंटर बनाया गया था। लेकिन उन्होंने BCCI प्रेजिडेंट बनने के लिए फ्रेंचाइजी जल्दी छोड़ दी थी
प्रिटोरिया कैपिटल्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, जोनाथन ट्रॉट, आपके नेतृत्व और टीम के प्रति अटूट समर्पण के लिए हमेशा आभारी रहेंगे। आपकी अगली यात्रा के लिए शुभकामनाएं। जोनाथन ट्रॉट अफगानिस्तान के हेड कोच हैं।
प्रिटोरिया कैपिटल्स SA20 लीग के पहले सीजन के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रही थी। टीम को फाइनल में सनराइजर्स ईस्टर्न केप से हार मिली थी। इसके बाद के दो सीजनों 2023-24 और 2024-25 में टीम का प्रदर्शन औसत रहा। कैपिटल्स दोनों बार पांचवें स्थान पर रही और प्लेऑफ में क्वालिफाई नहीं कर पाई।
चेतेश्वर पुजारा क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायर:
भारतीय बैटर चेतेश्वर पुजारा ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया पर रिटायरमेंट की जानकारी दी। पुजारा ने कहा- 'जब मैंने 2010 में माही भाई की कप्तानी में डेब्यू किया। वह लम्हा किसी सपने के सच होने जैसा था, क्योंकि उस वक्त टीम में द्रविड़, तेंदुलकर, गांगुली, गंभीर, लक्ष्मण जैसे दिग्गज खिलाड़ी थे। हरभजन सिंह, जहीर खान जैसे दिग्गजों को देख मैं बड़ा हुआ था, इसलिए वह मेरे क्रिकेट करियर के सबसे गौरवपूर्ण लम्हों में से एक रहा।
पुजारा ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच जून 2023 (टेस्ट ) में खेला था। उनका इंटरनेशनल करियर 15 साल का रहा। इंटरनेशनल क्रिकेट में पुजारा ने साल 2010 में डेब्यू किया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में डेब्यू किया था, जो कि एक टेस्ट मैच था।
टेस्ट क्रिकेट में पुजारा ने 103 मैच की 176 पारियों में 43.60 की औसत से 7,195 रन बनाए। इस दौरान 19 शतक और 35 अर्धशतक लगाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 206* रन रहा है। हालांकि, वनडे में उन्होंने 5 मैच खेले और 10.20 की औसत के साथ कुल 51 रन बनाए थे, जिसमें उनका बेस्ट 27 रन था। वे कोई टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेल सके थे।
पुजारा ने लिखा, मैं BCCI और सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन को मेरे क्रिकेट करियर में मिले अवसर और समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं उन सभी टीमों, फ्रेंचाइजी और काउंटी टीमों का भी आभारी हूं जिनका मैं इतने सालों में प्रतिनिधित्व कर पाया हूं। मैं अपने गुरुओं, प्रशिक्षकों और आध्यात्मिक गुरु के अमूल्य मार्गदर्शन के बिना यहां तक नहीं पहुंच पाता। मैं उनका सदैव ऋणी रहूंगा।
मेरे सभी साथियों, सहयोगी स्टाफ, नेट बॉलर, विश्लेषक, लॉजिस्टिक्स टीम, अंपायर, ग्राउंड स्टाफ, स्कोरर, मीडियाकर्मियों और उन सभी लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद, जो पर्दे के पीछे अथक परिश्रम करते हैं ताकि हम इस प्यारे खेल में प्रतिस्पर्धा कर सकें और खेल सकें। मेरे प्रायोजकों, साझेदारों और प्रबंधन टीम के लिए मैं सालों से मुझ पर आपकी निष्ठा और विश्वास और मेरे मैदान के बाहर की गतिविधियों का ध्यान रखने के लिए आपका तहे दिल से आभारी हूं
खेल अलंकरण के लिए नाम तय, 76 खिलाड़ियों मिलेगा सम्मान:
रायपुर
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राज्य खेल अलंकरण के लिए पात्र खिलाड़ी और विभूतियों के नामों की अंतरिम सूची जारी कर दी है। शहीद राजीव पांडेय समेत 7 अवॉर्ड के लिए विभाग को 2 साल के लिए कुल 403 आवेदन मिले थे। इनमें साल 2023-24 के 164 और साल 2024-25 के 239 आवेदन शामिल है।
अंतरिम सूची में सबसे बड़े अवॉर्ड शहीद राजीव पांडेय अवॉर्ड में दो वर्षों के लिए 12 सीनियर स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों का चयन किया गया है। आवेदनों के परीक्षण के बाद शनिवार कल्याण विभाग ने राज्य खेल को चयनित नामों की अंतरिम सूची जारी कर दी गई।
अवॉर्ड के लिए चयनित नामों को लेकर खेल विभाग ने 27 अगस्त तक दावा-आपत्ति मंगाई है। दावा-आपत्ति के निराकरण के लिए एक बार फिर राज्य स्तरीय निर्णायक समिति की बैठक होगी और फिर अवॉर्ड के पात्रों के नामों की फाइनल लिस्ट जारी की जाएगी।
खेल अवॉर्ड की सूची में सबसे ज्यादा 22 नाम बिलासपुर के हैं। इसके बाद 12 नाम दुर्ग और 10 नाम रायपुर से हैं।
अंडर 14 के क्रिकेट खिलाड़ियों का सिलेक्शन ट्रायल 24 अगस्त को
जांजगीर चाम्पा -
अक्टूबर माह में संभावित इंटर डिस्ट्रिक्ट मैचों के मद्देनजर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा सभी आयु वर्ग में सिलेक्शन ट्रायल लेने के निर्देश दिये गये हैं। इसी कड़ी में जिला क्रिकेट एसोसिएशन जांजगीर चांपा द्वारा अंडर 14 के खिलाड़ियों का सिलेक्शन ट्रायल 24 अगस्त को सुबह आठ बजे से जांजगीर के हाईस्कूल मैदान पर रखा गया है। इस सिलेक्शन ट्रायल में अंडर 14 आयु वर्ग के खिलाड़ी आकर भाग ले सकते हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पद्मेश शर्मा ने अरविन्द तिवारी को बताया कि इस सिलेक्शन ट्रायल में भाग लेने के लिये जिला क्रिकेट एसोसिएशन में सभी खिलाड़ियों को अपना पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। जिन खिलाड़ियों ने पूर्व में पंजीयन कराया होगा
, उन्हें अपने पंजीयन रिन्यू कराने होंगे। वहीं नये खिलाड़ियों को पंजीयन हेतु जन्म प्रमाण पत्र , निवास प्रमाण पत्र , आधार कार्ड , वर्तमान नवीनतम फोटो एवं सभी कक्षाओं की मार्कशीट की ओरिजिनल कॉपी लेकर आना होगा। इसके अलावा जिन खिलाड़ियों ने अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं किया है , वे सीधे मैदान पर आकर भी अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। अंडर 14 हेतु कट ऑफ डेट 01 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2013 के बीच के खिलाड़ी ही खेल सकता है और सक्ति जिला के खिलाड़ी भी इस सिलेक्शन ट्रायल में भाग ले सकते हैं।
हर्राटिकरा खेलों इंडिया सेंटर में फुटबॉल अस्मिता लीग का किया गया आयोजन
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सूरजपुर/16 जुलाई 2025/
छ.ग. शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा निर्देशित तथा कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के मागदर्शन में खेलों इंडिया सेंटर हर्राटिकरा में अस्मिता सिटी लीग का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उदेश्य महिलाओं के बीच खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कराना व महिलाओं को प्रेरित करना और उभरती हुई प्रतिभाओं को बढ़ावा देना इस उददेश्य से खेलों इंडिया सेंटर हर्राटिकरा में फुटबॉल अस्मिता सिटी लीग का आयोजन किया गया
। जिसमें शिवपुर, उमेश्वरपुर, खेलों इंडिया सेंटर हर्राटिकरा, खेलों इंडिया सेंटर अम्बिकापुर, एवं कोरिया अम्झर के कुल 05 टीमो ने इस आयोजन में भाग लिया, जिसमें विजेता शिवनगर उपविजेता खेलों इंडिया सेंटर हर्राटिकरा एवं तृतीय स्थान खेलों इंडिया सेंटर अम्बिकापुर का रहा, आयोजन में अतिथि के रूप में डीप्टी कलेक्टर सूरजपुर श्री सुनील अग्रवाल, जिला खेल अधिकारी श्रीमती आरती पाण्डेय एवं सरपंच प्रतिनिधि सुन्दर दास, सचिव धनेश्वर प्रजापति, उप सरपंच संजय राजवाड़े, के हाथों से विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
माईक संचालन श्री आलम राजवाडे एवं सीमांचल त्रिपाठी के द्वारा किया गया। श्री राम बहादुर लामा फुटबॉल सचिव जिला फुटबॉल संघ सूरजपुर, श्री राम राजवाड़े, रूपनारायण, मानसाय, चन्द्रकुमार भुवन रजक हरीश राजवाडे अनुराधे, महेन्द्र सिंह प्रकाश गुप्ता रेफरी के रूप में श्री रावेन्द्र वर्मा, अनमोल तिग्गा, रोहित रावत आदि का सहयोग रहा
धोनी कैप्टन कूल नाम को ट्रेडमार्क करा रहे
पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने 'कैप्टन कूल' को ट्रेडमार्क कराने के लिए आवेदन किया है। अगर उन्हें इस शब्द के ट्रेडमार्क राइट्स मिल जाते हैं तो कैप्टन कूल शब्द का प्रयोग कोई व्यक्ति या संस्था नहीं कर सकेगी।
धोनी ने 5 जून को ट्रेडमार्क रजिस्ट्री पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा किया। वे कोचिंग और ट्रेनिंग सेंटर्स के लिए 'कैप्टन कूल' का उपयोग करने के लिए विशेष अधिकार चाहते हैं।
पूर्व भारतीय कप्तान के आवेदन को शुरुआत में ट्रेड मार्क्स अधिनियम की धारा 11(1) के तहत बाधा का सामना करना पड़ा। क्योंकि, इस नाम से पहले ही एक ट्रेडमार्क रजिस्टर्ड था। ऐसे में नए ट्रेड मार्क से लोग भ्रमित हो सकते थे। धोनी के वकीलों ने तर्क दिया कि 'कैप्टन कूल' नाम धोनी से पिछले कई सालों से जुड़ा हुआ है। इसे जनता, मीडिया और प्रशंसकों ने बड़े पैमाने पर अपनाया है।
धोनी को कैप्टन कूल का टैग उनके फैंस और मीडिया ने दिया था। वे अपनी कप्तानी के दौरान मैदान पर काफी शांत नजर आते थे। मैच की परिस्थिति चाहे जितनी कठिन हो धोनी ठंडे दिमाग से ही फैसले लेते थे। यही कारण था कि उन्हें कैप्टन कूल के नाम से जाना जाने लगा।
20 दिन पहले 10 जून को एमएस धोनी को ICC ने हाल ऑफ फेम में शामिल किया था। वे यह सम्मान पाने वाले 11वें भारतीय खिलाड़ी बने थे। धोनी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था- 'ICC हॉल ऑफ फेम में नाम आना एक बहुत बड़ा सम्मान है। दुनियाभर के दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम देखना मेरे लिए गर्व की बात है। यह पल मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।'
धोनी अब तक के एकमात्र भारतीय कप्तान हैं जिन्होंने भारत को तीन ICC ट्रॉफी – 2007 T20 वर्ल्ड कप, 2011 ODI वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जिताई हैं। उनके नेतृत्व में भारत टेस्ट में भी नंबर-1 टीम बना। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप उनके संन्यास लेने के बाद शुरू हुई। उन्होंने 2014 में टेस्ट से और 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन IPL में अब भी खेल रहे हैं।
पूर्व क्रिकेटर दिलीप दोशी का निधन:
भारत के पूर्व स्पिनर दिलीप दोशी का सोमवार को लंदन में दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया। वह 77 साल के थे। दिलीप दोशी के परिवार में पत्नी कालिंदी, बेटा नयन, और बेटी विशाखा है। दोशी उन नौ भारतीय क्रिकेटरों में से एक थे जिन्होंने अपने पहले टेस्ट मैच में पांच विकेट लिए।
बाएं हाथ के स्पिनर दिलीप ने भारत के लिए कुल 33 टेस्ट मैच खेले और 114 विकेट अपने नाम किए। इसमें छह बार पांच विकेट हॉल भी उन्होंने लिए थे। भारत के लिए खेले 15 वनडे मैचों में उन्होंने 22 विकेट लिए। दिलीप ने सौराष्ट्र और बंगाल के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेली। उन्होंंने इंग्लैंड की वार्विकशर और नॉटिंघमशर के लिए भी क्रिकेट खेला।
दोशी ने 32 साल की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया था। उन्होंने 80 के दशक में चुपचाप से क्रिकेट को अलविदा कह दिया था क्योंकि वह उस समय भारतीय क्रिकेट के संचालन से नाराज थे। उन्होंने अपनी ऑटोबायोग्राफी भी लिखी है जिसका नाम 'स्पिन पंच' हैं। साल 1981 में मेलबर्न में खेले गए टेस्ट मैच में दिलीप ने भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
विमेंस वर्ल्डकप के 5 मैच इंदौर में खेले जाएंगे:होलकर स्टेडियम में एक अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया Vs न्यूजीलैंड, दोपहर 3 बजे से सभी मुकाबले
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके अनुसार, इंदौर के होलकर स्टेडियम में भी 5 मैच खेले जाएंगे। यह दूसरा मौका है, जब इंदौर में विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के मैच होंगे। इससे पहले 1997 में भी इंदौर को इस टूर्नामेंट का एक मैच मिला था। सभी मैच दोपहर 3 बजे से खेले जाएंगे।
भारत 12 साल बाद विमेंस वर्ल्ड कप की मेजबानी करने जा रहा है। इससे पहले इंडिया को 2013 में विमेंस वर्ल्ड कप की मेजबानी मिली थी। टूर्नामेंट का आगाज 30 सितंबर 2025 को होगा। इस टूर्नामेंट में 28 लीग मैच और 3 नॉकआउट मुकाबले पांच स्थानों- बेंगलुरु, इंदौर, गुवाहाटी, विशाखापट्टनम और कोलंबो में खेले जाएंगे।
वहीं, पहला सेमीफाइनल 29 अक्टूबर को गुवाहाटी या कोलंबो में (पाकिस्तान के पहुंचने पर निर्भर) और दूसरा सेमीफाइनल 30 अक्टूबर को बेंगलुरु में होगा। फाइनल 2 नवंबर को बेंगलुरु या कोलंबो में खेला जाएगा।
मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया अपना अभियान 1 अक्टूबर को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू करेगी। इसके बाद वह 8 अक्टूबर को कोलंबो में पाकिस्तान से भिड़ेगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड का मुकाबला 22 अक्टूबर को इंदौर में होगा।
रायपुर को चौथी बार मिली इंटरनेशनल मैच की मेजबानी
रायपुर
छत्तीसगढ़ के रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम क्रिकेट स्टेडियम को चौथी बार अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी मिली है। यहां टी-20 और वन-डे इंटरनेशनल मैचों का आयोजन होने जा रहा है। BCCI ने रायपुर में क्रिकेट मैच के आयोजन के लिए वेन्यू फाइनल कर लिया है।
जारी शेड्यूल के अनुसार, इससे पहले वीर नारायण सिंह स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच तीन वनडे और दो टी-20 मैच होने हैं। इस सीरीज का दूसरा वनडे मैच रायपुर में 3 दिसंबर 2025 को खेला जाना है। इसके अलावा, भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मैच 23 जनवरी 2026 को खेला जाएगा।
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद और बीसीसीआई के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने रायपुर में मीडिया से चर्चा में ने कहा कि, मैं छत्तीसगढ़ में क्रिकेट को लगातार बढ़ावा देने के पक्ष में हूं। छत्तीसगढ़ के लिए अच्छी खबर है कि दो मैच की मेजबानी रायपुर को मिली है। पहला भारत और साउथ अफ्रिका का वन डे और भारत-न्यूजीलैंड के साथ होने वाला मैच रायपुर में होगा।
इसी साल नवंबर-दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम भारत दौरे पर आएगी। तब दो टेस्ट, तीन वन-डे और पांच टी-20 होंगे। इसमें 3 दिसंबर को होने वाला वनडे मैच रायपुर में होगा। इससे पहले, 2023-24 में भारत न्यूजीलैंड सीरीज का एक मैच रायपुर में हो चुका है। इसके ठीक 11 महीने बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई टी20 सीरीज का एक मैच यहां खेला गया था।
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह मैदान में साल 2013 में IPL के 2 मैच खेले गए थे। इसके अलावा साल 2015 में दूसरी बार IPL के मैच हुए। 2016 में घरेलू रणजी ट्राफी के मैच खेले गए थे। इसके अलावा मुश्ताक अली टी-20 और टी-20 चैलेंजर ट्राफी के मैच भी खेले गए हैं।
रोड सेफ्टी और इंडिया मास्टर्स लीग क्रिकेट यहां खेला जा चुका है। स्टेडियम का नाम शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने छत्तीसगढ़ में 1857 के युद्ध में भारतीय स्वतंत्रता का नेतृत्व कर एक क्रांतिकारी की भूमिका निभाई थी।
भारतीय टीम की इंग्लैंड में प्रैक्टिस:कप्तान शुभमन गिल सहित टीम के अन्य खिलाड़ी फील्डिंग का अभ्यास किया
भारतीय क्रिकेट टीम बुधवार को इंग्लैंड में फील्डिंग की प्रैक्टिस की। इसका वीडियो BCCI ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
भारतीय टीम के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल भी अन्य खिलाड़ियों के साथ कैच का प्रैक्टिस करते नजर आए। वहीं भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी थ्रो और फील्डिंग करते नजर आए
भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी और हेड कोच गौतम गंभीर 6 जून को मुंबई एयरपोर्ट से इंग्लैंड के लिए रवाना हुए।
रोहित शर्मा के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद 25 साल के शुभमन गिल को भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को उप-कप्तान बनाया गया है। रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद टीम का यह पहला दौरा होगा।
भारतीय टीम ने 8 जून को पहले प्रैक्टिस सेशन में भाग लिया था। इसमें कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया था। हालांकि, टीम में शामिल कई खिलाड़ी इंडिया ए के सदस्य होने की वजह से शामिल नहीं हो पाए थे।
इंग्लैंड दौरे के लिए 18 मेंबर्स वाली भारतीय टीम शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, ऋशभ पंत (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश रेड्डी, शार्दूल ठाकुर, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैच खेले जाएंगे। पहला टेस्ट 20 जून से लीड्स में शुरू होगा, जबकि अंतिम टेस्ट 31 जुलाई से लंदन के द ओवल में खेला जाएगा। भारत 2007 के बाद इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज नहीं जीत सका है। ऐसे में टीम की नजर सीरीज जीतने पर होगी।
IPL फाइनल की क्लोजिंग सेरेमनी में एयरफोर्स का फ्लाई पास्ट:आसमान में तिरंगा बनाया, शंकर महादेवन ने गाया-
IPL 2025 के फाइनल से पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्लोजिंग सेरेमनी हुई। इसकी थीम 'ऑपरेशन सिंदूर' थी। सेरेमनी में एयर-शो किया गया। इस दौरान एयरफोर्स ने तिरंगा फॉर्मेशन बनाया। बड़ी स्क्रीन पर सेना के पराक्रम का वीडियो भी दिखाया गया।
क्लोजिंग सेरेमनी में बॉलीवुड सिंगर शंकर महादेवन ने अपने बेटे सिद्धार्थ और शिवम महादेवन के साथ परफॉर्मेंस दी। उन्होंने 'मैं रहूं ना रहूं, भारत रहना चाहिए...', ऐ वतन वतन मेरे आबाद रहे तू और सबसे आगे हिंदुस्तानी जैसे गाने गाए। इससे पहले कलाकारों ने बी प्राक के गाने 'तेरी मिट्टी' पर डांस किया। स्टेडियम में एक लाख से ज्यादा दर्शक मौजूद रहे
- IPL फाइनल से पहले बारिश हुई टॉस से दो घंटे पहले अहमदाबाद के कई क्षेत्रों में बारिश होने लगी। लेकिन नरेंद्र मोदी स्टेडियम के आसपास के क्षेत्र का मौसम साफ था।
- सुनक और गेल जैसी हस्ती मैच देखने पहुंची पंजाब-बेंगलुरु फाइनल देखने के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल जैसी हस्तियां मैच देखने के लिए अहमदाबाद पहुंचीं।
- स्टेडियम की 5 लेयर सिक्योरिटी, 4 हजार पुलिस कर्मी तैनात मैच से पहले नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाहर कड़ी सुरक्षा देखने को मिली। DCP भरत राठौर के अनुसार, 8 IPS सहित 4 हजार पुलिस कर्मियों को सुरक्षा में तैनात किया गया।
- एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बड़ा, किराया 4 गुना तक महंगा IPL फाइनल देखने के लिए दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे कई शहरों से क्रिकेट फैंस यह मैच देखने आए। इससे एयरपोर्ट पर भीड़ देखने को मिली। किराया 4 गुना बढ़ गया था।
IPL फाइनल कल, अहमदाबाद में बारिश की 62% आशंका:80 हजार ऑनलाइन टिकट बिकीं;
अहमदाबाद
IPL 2025 का फाइनल मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टीमें आमने-सामने होंगी। लेकिन, बारिश फैंस की उम्मीदों पर पानी फेर सकती है। मौसम वेबसाइट एक्यू वेदर के अनुसार, 3 जून को अहमदाबाद में 62% बारिश का पूर्वानुमान है। एक दिन पहले रविवार को पंजाब-मुंबई का क्वालिफायर-2 मैच बारिश के कारण दो घंटे की देरी से शुरू हुआ था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस फाइनल मैच के लिए 80,000 टिकट ऑनलाइन बिक चुके हैं। इसमें 25,000 टिकट निःशुल्क रहेंगे। ये क्रिकेट बोर्ड सहित अन्य संगठनों को दिए जाएंगे। इसके अलावा सीटें सैन्यकर्मियों के लिए भी रिजर्व रखी गई हैं
3 मार्च को मेट्रो सेवाएं नियमित समय से ज्यादा रात 12.30 बजे तक चलेंगी। मेट्रो यात्रियों की सुविधा के लिए जीएमआरसी ने आईपीएल मैच के दिन वापसी यात्रा के लिए एक विशेष पेपर टिकट पेश किया है। इसी टिकट से ही यात्रा करने की अनुमति होगी।
ये पेपर टिकट मैच के दिन क्रॉस रोड, अपैरल पार्क, कालूपुर, ओल्ड हाईकोर्ट, थलतेज, मोटेरा, साबरमती, रानिप, वडाज और जीवराज मेट्रो स्टेशनों से एडवांस भी खरीदे जा सकते हैं। इसका प्रति व्यक्ति 50 रुपए किराया होगा। फाइनल मैच देखने आए लोग देर रात घर लौटेंगे। इसके चलते निगम ने अतिरिक्त एएमटीएस बसें चलाने का फैसला किया है। बसें रात 10 बजे से 1:30 बजे तक चलेंगी। मोटेरा में नरेंद्र मोदी स्टेडियम के पास अचेर डिपो से ये बसें मणिनगर, ओधव, वासना, उजाला सर्कल और नारोल क्षेत्रों तक का सफर तय करेंगी। अतिरिक्त रात्रि बसों का किराया 30 रुपए प्रति यात्री तय किया गया है।
फाइनल की क्लोजिंग सेरेमनी की थीम 'ऑपरेशन सिंदूर' होगी। कार्यक्रम में तीनों सेनाओं के प्रमुखों को इनवाइट किया गया है। हालांकि, अब तक इनके ऑफिस से सेरेमनी शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई है। पूरे स्टेडियम को तिरंगे रंग की लाइट से सजाया जाएगा और इस दौरान सिंगर शंकर महादेवन का लाइव कॉन्सर्ट होगा।
BCCI सेक्रेटरी सचिव देवजीत सैकिया ने कहा-
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने के लिए हमने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह के साथ-साथ अन्य सेना प्रमुखों, अधिकारियों और जवानों को अहमदाबाद में IPL फाइनल मैच देखने के लिए आमंत्रित किया है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद IPL के 16 मैच खेले गए। अधिकांश मैचों में राष्ट्रगान बजाया गया। साथ ही स्टेडियम के अंदर विशाल स्क्रीन पर 'धन्यवाद, सशस्त्र बल' संदेश भी दिखाया गया था। पहले IPL में राष्ट्रगान नहीं बजाया जाता था।
