जिला
कर्तव्य से अनुपस्थित 3 कृषि कर्मचारियों के लिए जारी की गई सूचना उपस्थित होकर प्रस्तुत करें अपना स्पष्टीकरण
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -
कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया है कि जिले में कृषि विभाग के अंतर्गत तीन कर्मचारी अपने कर्तव्य से लंबे समय से अनुपस्थित हैं। जिनमें विकासखण्ड शंकरगढ़ के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मिथलेश कुमार सिंह 20 फरवरी 2023 से, कुसमी के ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी रवि प्रकाश मिंज 05 अप्रैल 2023 तथा कृषि विभाग उप संचालक कार्यालय के भृत्य जीवन दास 27 मई 2016 से आज दिनांक तक अनुपस्थित है।
उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को पत्र के माध्यम से कार्य पर उपस्थित होने एवं स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने निर्देशित किया जा चुका है। परंतु आज पर्यन्त तक उक्त कर्मचारी कार्य पर उपस्थित नहीं हुए हैं। उप संचालक कृषि ने कहा है कि संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, अन्यथा एक तरफा कार्यवाही करते हुए सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी। जिसके लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।
जिले में अब तक 836.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -
कार्यालय भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 01 जून 2025 से अब तक 836.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। 25 जुलाई 2025 को तहसील बलरामपुर में 85.2 मि.मी., डौरा-कोचली में 98.7 मि.मी., कुसमी में 20.6 मि.मी, सामरी में 48.3 मि.मी., चांदो में 41.8 मि.मी., शंकरगढ़ में 9.0 मि.मी., रामानुजगंज में 15.4 मि.मी., रामचंद्रपुर में 4.5 मि.मी., राजपुर में 12.5 मि.मी., वाड्रफनगर में 104.4 मि.मी., रघुनाथनगर में 152 मि.मी. तथा चलगली में 45.1 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है।
इस प्रकार बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में प्रतिवेदित तिथि को कुल 53.1 मि.मी. वर्षा हुई है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 01 जून से अब तक तहसील बलरामपुर में 1038 मि.मी., डौरा-कोचली में 1155 मि.मी., कुसमी में 1297 मि.मी., सामरी में 865 मि.मी., चांदो में 924.8 मि.मी. शंकरगढ़ में 797.4 मि.मी., रामानुजगंज में 768.6 मि.मी., रामचंद्रपुर में 641.6 मि.मी., राजपुर में 466.6 मि.मी., वाड्रफनगर में 877.8 मि.मी., रघुनाथनगर में 626.8 मि.मी. एवं चलगली में 579.3 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है।
घरेलू गैस के व्यवसायिक उपयोग पर कार्रवाई, 4 सिलेंडर जब्त
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सूरजपुर/25 जुलाई 2025/ कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के आदेश के परिपालन में तथा तहसीलदार भैयाथान के निर्देशन में आज तहसील भैयाथान क्षेत्र में खाद्य निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार की उपस्थिति में विभिन्न होटल एवं ढाबों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान यादव होटल एवं संध्या होटल में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से व्यवसायिक उपयोग करते हुए पाया गया। कार्रवाई के तहत दोनों होटलों से 2-2 कुल 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। यह जप्ती संबंधित होटल संचालकों की उपस्थिति में की गई, तथा सिलेंडर मेसर्स भैयाथान इंडेन गैस वितरक को सुपुर्द किए गए।
जिला प्रशासन द्वारा कहा गया है कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग अवैध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई सतत रूप से जारी रहेगी।
जिला चिकित्सालय सूरजपुर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 75 मरीजों की हुई जांच
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सूरजपुर/25 जुलाई 2025/ जिला चिकित्सालय सूरजपुर एवं अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला चिकित्सालय परिसर में ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को चिकित्सा सेवाएं सुलभ कराने की दृष्टि से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 03ः00 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें कुल 75 मरीजों की जांच की गई।
स्वास्थ्य शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अमोल पडेंगांवकर (एम.एस., डी.एन.बी.- सर्जिकल ऑन्कोलॉजी) द्वारा 12 मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श प्रदान किया गया। वहीं, किडनी एवं जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. विनय कुमार (एम.बी.बी.एस., एम.डी.-जनरल मेडिसिन, डी.एम.-नेफ्रोलॉजी, ए.आई.आई.एम.एस.) ने 44 मरीजों का परीक्षण कर उनकी स्थिति के अनुसार चिकित्सकीय सलाह दी।
इसके अतिरिक्त दंत रोग विशेषज्ञों द्वारा 10 मरीजों की तथा अन्य विभिन्न रोगों से पीड़ित 9 मरीजों की भी जांच की गई।
इस स्वास्थ्य शिविर को मरीजों और परिजनों ने अत्यंत लाभकारी बताया और जिला प्रशासन का धन्यवाद किया तथा इस प्रकार के आयोजनों को नियमित रूप से किए जाने की आवश्यकता बताई।
स्वयं सहायता समूहों से बदली महिलाओं की तकदीर - सूरजपुर की रिंकू और रीता बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल सफलता की कहानीे
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सूरजपुर/25 जुलाई 2025/ कलेक्टर सूरजपुर श्री एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती कमलेश नंदिनी साहू के सक्रिय प्रयासों से जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आज आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। इसी प्रेरणादायक यात्रा की दो मिसालें हैं रिंकु गुप्ता एवं रीता मांझी, जिन्होंने साधारण गृहिणी से सफल उद्यमी बनने का प्रेरक सफर तय किया है।
रिंकु गुप्ता- पोल्ट्री फार्मिंग के जरिये आर्थिक मजबूती
ग्राम पंचायत झासी की निवासी रिंकु गुप्ता, लक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। एक समय वे पूरी तरह से गृहकार्य तक सीमित थीं। समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने वित्तीय अनुशासन, बचत और सामूहिकता का महत्व समझा। समूह के माध्यम से उन्हें ₹2,00,000 का बैंक लिंकेज ऋण प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने पोल्ट्री फार्मिंग (मुर्गी पालन) का व्यवसाय प्रारंभ किया।
मुर्गियों की देखभाल, आहार प्रबंधन और बिक्री व्यवस्था को कुशलतापूर्वक संचालित करते हुए आज रिंकु को हर माह ₹15,000 से ₹20,000 की शुद्ध आय हो रही है। इस आमदनी से उन्होंने अपने बच्चों की पढ़ाई, पारिवारिक खर्च और भविष्य के लिए बचत की आधारशिला रखी है।
रीता मांझी- दोहरी उद्यमिता से दोहरी कामयाबी
ग्राम पंचायत संजयनगर की रीता मांझी, राधिका महिला स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। समूह से जुड़ने से पहले वे पूरी तरह से घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित थीं। एसएचजी से मिली जानकारी, प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता से उन्होंने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया।
उन्हें सीआईएफ से ₹60,000, बैंक लिंकेज से ₹50,000 और मुद्रा लोन से ₹2,00,000 की राशि प्राप्त हुई, कुल मिलाकर ₹3,10,000 की सहायता से उन्होंने मनिहारी दुकान और सिलाई कार्य प्रारंभ किया। दोनों व्यवसायों को वे दक्षता से संचालित कर रही हैं और प्रतिमाह ₹15,000 से ₹20,000 की आय अर्जित कर रही हैं। रीता ने न केवल आर्थिक मजबूती पाई है, बल्कि समाज में अपनी पहचान और आत्मविश्वास भी मजबूत किया है।
निष्कर्षः
रिंकु गुप्ता और रीता मांझी की यह सफलता की कहानियाँ इस बात की सशक्त मिसाल हैं कि जब ग्रामीण महिलाओं को सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और वित्तीय संसाधन मिलते हैं, तब वे अपने जीवन में सार्थक बदलाव ला सकती हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से सूरजपुर जिले की महिलाएं आज आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला रख रही हैं।
घर से भागी नाबालिग लड़कियां हीरोइन बनने मुंबई जा रही थीं, घर का गैस चूल्हा बेचकर भागे, नागपुर से सुरक्षित बरामद
हीरोइन बनने के लिए भिलाई से मुंबई जा रहे थे............ दुर्ग -भिलाई ,छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर से घर वालों को बिना बताए जाने के लिए मुंबई की खूबसूरत लड़कियां। ये लड़कीया हीरोइन बनने का सपना लेकर घर से निकल गई थी। तीन दिन पहले ये लड़कियां महादेव घाट घूमने गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं मुंबई जाने की ओर निकल गई। इस जानकारी से मिलते ही पुलिस ने हॉस्टल और हॉस्टल की मदद से उनसे बात करते हुए नागपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ ली।
भिलाई से मुंबई जा रही थीं हीरोइन बनने
जानकारी के मुताबिक, ये चारों लड़कियां 12 से 16 साल की हैं और स्कूल में पढ़ती हैं। इनके नाम जागृति, सुमन, पूष्पा और विभा बताए गए हैं।
इनमें से एक लड़की की दुकान में काम करती थी, जहां उसकी दोस्ती पूष्पा से हुई।लड़कियों ने बताया कि वे मुंबई की मशहूर फिल्म इंडस्ट्री में हीरोइनों की चाहत रखती थीं। घर में एक लड़की को उसके माता-पिता ने डांट से डराया था, इसलिए उसने घर छोड़ दिया। पैसों के लिए उन्होंने एक अपनी मौसी के घर से एक गैस चूल्हा बेचा, जिससे 300 रुपये मिले । इसके बाद वे मौसी के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे और नागपुर होते हुए मुंबई जाने वाली ट्रेन में बैठे।यात्रा के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें पोस्ट कीं, जिससे पुलिस को पता चल गया। इसके बाद उन्हें नागपुर रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बरामद लड़कियों को काश्तकारी हवेली गृह नागपुर में रखा गया है। दुर्ग पुलिस ने इस मुक्ति अभियान को मुस्कान अभियान के तहत संचालित किया।परिवार वाले बच्चों के लापता होने से। पुलिस ने लोगों से कहा है कि ऐसे मामलों में तुरंत सूचना दें ताकि समय पर मदद की जा सके और बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके
घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर नकेल कसने राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन के निर्देश के अनुपालन में आज प्रतापपुर अंतर्गत
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर नकेल कसने के लिए प्रतापपुर के होटलों मे कार्यवाही की गई । जिसके अंतर्गत जरही स्थित सागर स्वीट्स संचालक बालगोविंद से 4 नग घरेलू गैस सिलेंडर जप्त कर कृष्णा एचपी जरही को सुपुर्द किया गया। जरही स्थित मंगल स्वीट्स संचालक मंगल साय से 3 नग घरेलू गैस सिलेंडर जप्त कर कृष्णा एचपी जरही को सुपुर्द किया गया l संबंधित प्रकरणों पर द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी l
इस कार्यवाही में तहसीलदार प्रतापपुर चंद्रशिला जायसवाल,नायब तहसीलदार मुकेश दास, राजस्व निरीक्षक मनोज भगत एवं खाद्य निरीक्षक शशि जायसवाल शामिल थे
एमसीबी जिला संयुक्त कार्यालय को NH-43 पर स्थानांतरित करने की मांग तेज, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
राजेश साहू ब्यूरो, जिला एमसीबी
मनेंद्रगढ़ 23/7/2025
एमसीबी जिले में संयुक्त कार्यालय के निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम पंचायत जुईली की सरपंच समेत दर्जनों ग्रामीणों ने कलेक्टर डी. राहुल व्यंकट को ज्ञापन सौंपते हुए कार्यालय का निर्माण एनएच-43 (राष्ट्रीय राजमार्ग) से जुड़े पूर्व प्रस्तावित स्थल पर करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में चयनित निर्माण स्थल असुरक्षित और जोखिमपूर्ण है। यह स्थल एक ओर नदी से सटा हुआ है, तो दूसरी ओर पास ही हाई वोल्टेज बिजली सब स्टेशन स्थित है, जिससे भविष्य में सुरक्षा संबंधी गंभीर खतरे उत्पन्न हो सकते हैं।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि एनएच-43 से जुड़ा पूर्व चिन्हांकित स्थल न केवल सुरक्षित है, बल्कि जिले के सभी दुरस्थ गांवों से आवागमन में भी सहूलियत प्रदान करेगा। साथ ही यह स्थल प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी अधिक उपयुक्त माना जा रहा है।
इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरों भी ग्रामीणों के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने स्वयं कलेक्टर से मुलाकात कर इस विषय में चर्चा की और प्रशासन से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द निर्णय लिया जाए एवं उपयुक्त स्थान पर कार्यालय निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा, "जिला कार्यालय जैसा महत्वपूर्ण ढांचा किसी विवादित या असुरक्षित स्थान पर नहीं बनना चाहिए। प्रशासन को चाहिए कि वह जनहित में विचार कर एनएच-43 के समीप चिन्हांकित स्थल पर निर्माण करे। इससे भविष्य में आवागमन, सुरक्षा और संचालन तीनों में सुविधा होगी।"
अब देखना यह होगा कि प्रशासन ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की इस मांग पर क्या निर्णय लेता है। फिलहाल जिले में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का दौर गर्म है और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जनहित में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
शासकीय आत्मानंद विद्यालय केतका में ’’ऑनलाइन सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता’’ पर कार्यक्रम का किया गया आयोजन
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर की रिपोर्ट
सूरजपुर/23 जुलाई 2025/ महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस विभाग/साइबर सेल के समन्वय से साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बालिकाओं की सुरक्षा के तहत शासकीय आत्मानन्द विद्यालय केतका में ’’ऑनलाइन सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता’’ विषय पर तृतीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल के मार्गदर्शन से सम्पन्न हुआ।
साइबर सेल से श्री राय सिंह ने बालिकाओं को इंटरनेट से जुड़े खतरों से सचेत रहने, सोशल मीडिया उपयोग में सावधानी बरतने और साइबर अपराधों की जानकारी देते हुए उनके बचाव के उपाय बताए साथ ही साइबर टोल फ्री न. 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई। यह सत्र वर्तमान समय में बालिकाओं के प्रति बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा चोरी, बैंकिंग जालसाजी जैसे खतरों के प्रति जागरूकता को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया था।
वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग, नवा बिहान संरक्षण अधिकारी श्रीमती इन्द्र कुमारी तिवारी एवं महिला सशक्तिकरण (हब) मिशन शक्ति के अंतर्गत जिला मिशन समन्वयक श्रीमती शारदा सिंह द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अंतर्गत बालिका भ्रूण हत्या, बाल विवाह, घरेलु हिंसा, सखी वन स्टाप सेंटर, टोल फ्री न० 181, 1098 एवं किशोरी बालिकाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान की। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालेंटियर द्वारा विधिक की जानकारी भी दी गई। विद्यालय के प्राचार्य एवं सभी शिक्षको के सहयोग से सत्र का सफल आयोजन किया गया।
रामानुजनगर में रासायनिक खाद की अनियमितता पर प्रशासन की सख्ती, कृषि सेवा केंद्र का गोदाम सील _________
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर की रिपोर्ट
_________
सूरजपुर/23 जुलाई 2025/ कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देश पर रासायनिक खाद की काला बाजारी और अनियमित आपूर्ति की रोकथाम हेतु प्रशासनिक स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आज रामानुज नगर तहसील अंतर्गत कौशलपुर स्थित मेसर्स मोनू कृषि सेवा केंद्र के संचालक ब्रिज बिहारी साहू के गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया।
तहसीलदार रामानुज नगर, एसएडीओ (ै।क्व्) और हल्का पटवारी की संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच के दौरान गोदाम में करीब 1442 बोरी इफको सहित अन्य रासायनिक खाद का भंडारण पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि संचालक द्वारा शासन के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया गया है।
प्रशासन की जांच में स्टॉक पंजी का संधारण नहीं होना, खाद की बिक्री में अनियमितता तथा शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के विरुद्ध कार्य करना पाया गया। इन आधारों पर गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील करने की कार्रवाई की गई।
रायगढ़ में 2 घंटे रहा चक्का जाम, बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेसी ------------------------- पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने लगाया सरकार पर गंभीर आरोप
रायगढ़
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे के खिलाफ ईडी की कार्यवाही पर कांग्रेस ने प्रदेश के सभी जिलों में मंगलवार 22 जुलाई को चक्काजाम किया। प्रदेश कांग्रेस के दिशा निर्देश पर रायगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण और शहर ने संयुक्त रूप से रायगढ़ के कोतरा रोड में आर्थिक नाकेबंदी की। इस दौरान रायगढ़ के कोतरा रोड में लगभग 2 घंटे चक्का जाम रहा कांग्रेस के प्रदेश व्यापी कार्यक्रम में पूर्व मंत्री खरसिया विधायक उमेश पटेल, लैलूंगा विधायक विद्यावति सिदार, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी सहित जिला कांग्रेस शहर और ग्रामीण के सभी वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस के समस्त प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और खरसिया, धरमजयगढ़ और लैलूँगा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री उमेश नंदकुमार पटेल ने मीडिया से चर्चा करते हुए सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की संपदा को लूटना चाहते हैं।
बस्तर में जंगल कट गए, तमनार में जंगल कट गए। षडयंत्र के तहत जल-जंगल जमीन को लूटा जा रहा है। उमेश ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही सरगुजा में पेड़ों की अवैध कटाई हो गई। हसदेव में जंगल कट गए। तमनार में जंगल कट गए। किसी के खिलाफ कार्यवाही नहीं हुई। ये छत्तीसगढ़ की संपदा और जल-जंगल जमीन को बचाने की लड़ाई है। जिसे कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता लड़ रहा है। इसके अलावा उन्होंने कोयले के कारोबार में सत्ता के सरपरस्ती में कमीशन खोरी का आरोप लगाया है। साथ में उन्होंने कहा है कि राइस मिलर से भी 110 रुपए के हिसाब से कमीशन की उगाही की गई है । वित्त मंत्री के विकास के विजन पर उनके ही पार्टी के कार्यकर्ता सवाल खड़े कर रहे हैं सीएसआर और डीएमएफ की राशि का जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है रायगढ़ जिले के आदिवासी बाहुल्य विधानसभा क्षेत्र में जहां के लोग उद्योग और कोयला खदान से प्रभावित हैं उन क्षेत्रों के विकास को रोककर रायगढ़ में कथित विकास कार्यों में डीएमएफ और सीएसआर राशि का बंदर बाट किया जा रहा है। कांग्रेस की सरकार आते ही सभी मामलों की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस छात्र संगठन ने मोर्चा संभाला
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी जमकर नारेबाजी की। वहीं युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर ईडी और भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाते नज़र आए। आंदोलन में शामिल कार्यकर्ताओं की संख्या दोपहर 2 बजे तक लगातार बढ़ती रही।
सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने कहा कि यह आर्थिक नाकेबंदी प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे को बेवजह फंसाया जा रहा है। आज देशभर में जो भी विपक्ष भाजपा के गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है, उसके खिलाफ ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी हाल में ईडी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और फटकार लगाई है।
हर मामले में भाजपा सरकार विफल : नगेंद्र नेगी
जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने बताया कि पिछले 18 महीने के कार्यकाल में सरकार हर मामले में विफल हो गई है। छत्तीसगढ़ में शिक्षा रोजगार और किसने की स्थिति पद से बदतर होती जा रही है और सरकार केवल उद्योगपतियों की इशारे पर काम कर रही है। सरकार के दमनकारी नीतियों के खिलाफ आज प्रदेश व्यापी आर्थिक नाकाबंदी का कार्यक्रम सफल रहा है। इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति के लिए मैं सभी कार्यकर्ता और कांग्रेस पार्टी के नेतागणों का आभार व्यक्त करता हूं।
ईडी की कार्यवाही के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
शंकरगढ़ -
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाह्न पर बलरामपुर जिले के सामरी विधानसभा के शंकरगढ़ में बृजेश यादव के नेतृत्व में युवा कांग्रेसियों द्वारा अंबिकापुर कुसमी सड़क पर आर्थिक नाकेबंदी एवं चक्का जाम कर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की
प्रदेश भर में कांग्रेस के आज प्रदेश व्यापी आंदोलन के क्रम में युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बृजेश यादव के नेतृत्व में स्थानीय बस स्टैंड में प्रदर्शन किया गया, इस दौरान कांग्रेसियों ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन शंकरगढ़ तहसीलदार को सौंपा है जिसमे मांग किया गया है कि हमारे वरिष्ठ नेताओं विधायकों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं एवं निर्दोष लोगों को भाजपा सरकार के दबाव में आकर फर्जी मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है,बृजेश यादव एवं युंका नेताओं ने भाजपा सरकार के द्वारा ईडी को आगे करके प्रदेश में कांग्रेस के नेताओं पर कार्यवाही पर सवाल उठाया।
कार्यक्रम को युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव नीरज तिवारी ने संबोधित करते हुए कहा कि जिस घोटालों की बात भाजपा करती है वो सिर्फ बदले की राजनीति से प्रेरित है,अगर भ्रष्टाचार हुआ है तो जांच एजेंसियां केंद्र सरकार के अधीन है,जॉच इन्हें तात्कालिक करना था पर सरकार में आने के बाद प्रदेश में भाजपा के इशारे पर आरोपियों के गवाही को आधार बना कर जांच एजेंसियां सिर्फ कांग्रेस और कांग्रेस के नेताओं को बदनाम करने का काम के रही है।
नीरज तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार के पास मुद्दों की कमी है प्रदेश में सरकार कौन चला रहा है ये किसी को मालूम नहीं है मुख्यमंत्री से ना ही प्रशासन सम्भल रहा है ना शासन किसान, व्यापारी, विद्यार्थी, महिलाएं सभी भाजपा की नीतियों से परेशान है,सड़क का पूरे प्रदेश में बुरा हाल है किसानों को सहकारी समितियों में खाद्य नहीं मिल रहा है, इन सबसे जनता का ध्यान केंद्रित करने की मंशा से बीच बीच में ईडी भेज के सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को डराया जा रहा है, कांग्रेस का एक एक सिपाही भाजपा के इस तरह के दबाव से दबने वाला नहीं है हम जनता के लिए सड़क पर लड़ाई लड़ने तैयार है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सत्यनारायण अग्रवाल, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव संतोष इंजीनियर, हीरालाल यादव, शमीम अंसारी उम्मत रसूल, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दीपक बुनकर, एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष रुपेश यादव, राजीव तिर्की, सिमु अग्रवाल, गोलू अग्रवाल, मुकेश कश्यप, जनपद सदस्य अमीन साय, ओसपाल यादव, उमेश यादव, उमेश भास्कर, आशीष यादव, सरपंच सुनील पैकरा, देवा, देवरूप यादव, लक्ष्मण सहित युवा कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने ली बैठक गरिमामय आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्व
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर- प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले में हर्षाेल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। आगामी 15 अगस्त की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल की उपस्थिति में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई।
कलेक्टर श्री कटारा ने स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे। जिसमें साफ-सफाई, शामियाना-टेंट, कुर्सी, माइक, बैरीकेट, पेयजल, मुख्यमंत्री संदेश, साज-सज्जा एवं ध्वजा पताका, परेड की व्यवस्था, वीडियो-फोटोग्राफी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने सहित विभिन्न जिम्मेदारियां अधिकारियों को सौंपी। साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर शासकीय भवनों में रौशनी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने अंतिम तैयारी के पूर्व रिहर्सल सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
25 जुलाई को अपोलो हॉस्पिटल के किडनी व कैंसर रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल सूरजपुर में करेंगे निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर सुरज निर्मलकर
सूरजपुर/22 जुलाई 2025/ कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन के निर्देशानुसार और सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा व सिविल सर्जन डॉ अजय मरकाम के मार्गदर्शन में 25 जुलाई शुक्रवार को अपोलो अस्पताल बिलासपुर के किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. विनय कुमार एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अमोल पडेगावकर के द्वारा मरीजों को निःशुल्क परामर्श जिला चिकित्सालय सूरजपुर में प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 03.00 बजे तक किया जायेगा। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय द्वारा स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवाएं भी उपलब्ध रहेगी।
इस शिविर में किडनी रोग से संबंधित सभी बीमारियों जैसे- पथरी, किडनी फेल, डायलिसिस में रह रहे मरीज, सभी प्रकार के कैंसर जैसे मुंह का कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, महिलाओं में होने वाले स्तन कैंसर, गर्भाशय कैंसर, प्रोस्टेट ग्रंथि कैंसर, बड़ी आंत का कैंसर, पेट का कैंसर इत्यादि के सम्बंध में परामर्श प्रदान किया जायेगा। इस हेतु पंजीयन तय तिथि में ही जिला अस्पताल में सुनिश्चित किया जायेगा। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 9752542415, 7000676171 पर संपर्क कर सकतें है।
जिला प्रशासन द्वारा जिले वासियों से अपील की गई है कि परिक्षण या स्वास्थ्य सेवा लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति शिविर में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठायें।
हल्बी भाषा के लेखन , संरक्षण और उन्नयन में योगदान हेतु श्रीमती शकुंतला हुई सम्मानित
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बस्तर -
कुलपति शहीद महेन्द्रकर्मा विश्वविद्यालय , बस्तर जगदलपुर प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बस्तर संभाग की हल्बी भाषा की साहित्यकार श्रीमती शकुंतला तरार को उनके हल्बी भाषा में सुदीर्घ लेखन , संरक्षण , उन्नयन में योगदान के लिये सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि शकुंतला तरार की हलबी गीत संग्रह शकुंतला चो लेजा गीत बस्तर को जानने समझने के लिये महत्वपूर्ण संग्रह है , इससे हलबी की समृद्धि बढ़ रही है
ज्ञातव्य है कि श्रीमती शकुंतला की अब तक पाँच पुस्तकें हल्बी भाषा में प्रकाशित हो चुकी है , जिसमें एक परंपरागत गीति कथा का प्रकाशन साहित्य अकादमी दिल्ली ने किया है । शहीद महेन्द्रकर्मा विश्वविद्यालय , बस्तर जगदलपुर एवं शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय , जगदलपुर जिला-बस्तर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम जगदलपुर के शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कुलपति शहीद महेन्द्रकर्मा विश्वविद्यालय , बस्तर जगदलपुर प्रो. श्रीवास्तव ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमन डेका का सन्देश सुनाते हुये बताया कि छत्तीसगढ़ में जितनी भी भाषा और बोलियाँ हैं , उन सबका संरक्षण किया जाना चाहिये। श्रीमती शकुंतला तरार की पुस्तक हलबी गीत संग्रह शकुंतला चो लेजा गीत के संबंध में कहा कि हलबी बस्तर की संपर्क भाषा है। हलबी में लिखे गीत बस्तर की संस्कृति की विशेषता बताती हैं।
हलबी का लोक साहित्य अत्यंत समृद्ध है। लेजा गीत बस्तर में अत्यधिक प्रचलित है। इसमें युवक युवतियों के आपसी संवाद होते हैं। सौ गीतों में इस संग्रह में सांस्कृतिक रूप प्रकट होकर आये हैं। प्राचार्य, शास. काकतीय स्नातकोत्तर महा. जगदलपुर ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में नारायणपुर के पद्मश्री बैद्यराज हेमचंद मांझी , कांकेर से पद्मश्री अजय मंडावी को भी सम्मानित किया गया। रायपुर से साहित्यकार श्रीमती शकुंतला तरार को उनकी हल्बी की प्रकाशित पुस्तक शकुंतला चो लेजा गीद जिसमें 101 हल्बी लेजा गीत और उसका 101 हिंदी अनुवाद है , के लिये सम्मानित किया गया। शकुंतला ने हिमाचल प्रदेश के शिमला में आज़ादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत होने वाले अंतर्राष्ट्रीय साहित्य महोत्सव में हल्बी और छत्तीसगढ़ी में रचना पाठ किया।
साहित्य अकादमी दिल्ली के द्वारा आयोजित 157 भाषाओं के साथ वर्ल्ड रिकार्ड बनाने में हल्बी लेजा गीत का गायन कर बस्तर की इस भाषा को विश्व के समक्ष रख इतिहास बनाया। कार्यक्रम को डॉ. डी. के. श्रीवास्तव , ओएसडी (एनईपी) उच्च शिक्षा विभाग , डॉ. जी. ए. घनश्याम , संयुक्त संचालक , उच्च शिक्षा विभाग ने भी संबोधित किया। प्रारंभ में माँ सरस्वती की मूर्ति पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के बाद अतिथियों का स्वागत हुआ। धन्यवाद ज्ञापन - कुलसचिव , शहीद महेन्द्रकर्मा विश्वविद्यालय , बस्तर जगदलपुर ने किया। इस अवसर पर बस्तर संभाग के जनप्रतिनिधि , साहित्यकार , सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यगण , महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के छात्र-छात्रायें और गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित थे।
जिला अस्पताल में होगा 02 एवं 03 अगस्त को कैंसर जांच शिविर का आयोजन विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा महिलाओं का किया जाएगा कैंसर जांच
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर- कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में महिलाओं को होने वाले कैंसर बीमारी हेतु जिला अस्पताल बलरामपुर में 02 और 03 अगस्त को जांच शिविर का आयोजन किया जायेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसंत कुमार सिंह ने बताया की जिले में महिलाओं को होने वाली कैंसर जिसमें गर्भाशय व स्तन कैंसर मुख्य हैं। जिसके स्क्रीनिंग एवं जांच हेतु जिला अस्पताल बलरामपुर में शिविर लगाया जायेगा।
जिसमें हैदराबाद से डॉ. एम. अपर्णा 02 अगस्त 2025 व 03 अगस्त 2025 को जिला अस्पताल बलरामपुर में शिविर में उपलब्ध रहेंगी। शिविर हेतु मरीजों का चिन्हांकन विभाग द्वारा किया गया है। शिविर में लक्षण वाले मरीज आकर जांच करा सकते हैं।
डॉ. सिंह ने स्तन कैंसर के कुछ सामान्य लक्षण के बारे में बताया है। स्तन में गांठ, स्तन के आकार या आकृति में बदलाव, स्तन की त्वचा में बदलाव, स्तनाग्र (निप्पल) में बदलाव, स्तन में दर्द, बगल में गांठ प्रमुख लक्षण है। ऐसे ही गर्भाशय कैंसर के निम्न लक्षण हैं, जिसमें अनियमित योनी रक्तश्राव, योनी श्राव में बदलाव, पेट के निचले हिस्से में दर्द, पैरों में सूजन लक्षण हैं। ऐसे लक्षण जिस किसी भी मरीज को हो तो शिविर में आकर जांच करा सकते हैं।